सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली इलाके में मंगलवार को अचानक गैस खत्म होने की अफवाह ने प्रशासन और आम जनता के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। देखते ही देखते स्थानीय गैस एजेंसी पर सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग अपने दैनिक कार्यों को छोड़, खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े हो गए ताकि भविष्य की किसी भी संभावित किल्लत से बच सकें।
युद्ध की अफवाह ने बिगाड़ा माहौल
हड़कंप का मुख्य कारण सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैली वह अफवाह थी, जिसमें दावा किया गया कि ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस की आपूर्ति बाधित होने वाली है। अफवाह यह थी कि युद्ध की वजह से अब भारत में गैस का आयात नहीं होगा और आने वाले दिनों में सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा। इस गलत जानकारी ने लोगों में डर पैदा कर दिया और वे जल्द से जल्द स्टॉक जमा करने की होड़ में लग गए।
एजेंसी संचालक की अपील
भीड़ और हंगामे को देखते हुए गैस एजेंसी के प्रोपराइटर बिनोद गुप्ता ने स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा, “गोदाम में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। युद्ध की बात को गैस किल्लत से जोड़ना पूरी तरह निराधार है।” उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न फैलाएं।
आपूर्ति में आ रही है बाधा
गोदाम कर्मियों ने बताया कि लोग सीधे गोदाम और एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, जिससे अफरा-तफरी मच रही है। भीड़ इतनी अधिक है कि गांवों में नियमित रूप से जाने वाली डिलीवरी गाड़ियों को निकालने में भी परेशानी हो रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि होम डिलीवरी की सुविधा पहले की तरह ही सुचारू रूप से जारी रहेगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

