सोहराब आलम/​मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मुरारपुर गांव के वार्ड संख्या-10 में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान कोटवा थाना क्षेत्र के फतुआ गांव निवासी शिव कुमार (पिता: नथुनी राम) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​प्रेम प्रसंग और पंचायत का विवाद

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिव कुमार का मुरारपुर गांव की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामले ने तब तूल पकड़ा जब कुछ समय पहले गांव में इसे लेकर पंचायत बैठी थी। पंचायत में शिव कुमार को दोषी पाते हुए उस पर आर्थिक दंड भी लगाया गया था। सामाजिक दबाव और विवाद के चलते शिव कुमार गांव छोड़कर बाहर कमाने चला गया था। परिजनों का कहना है कि शिव कुमार शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं।

​हत्या या आत्महत्या? उलझी पुलिस की गुत्थी

​घटना के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची हरसिद्धि थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस को घटनास्थल से मृतक का मोबाइल भी बरामद हुआ है।
​पुलिस सूत्रों की मानें तो मोबाइल में एक कॉल रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें शिव कुमार अपनी पत्नी और बच्चों का ख्याल रखने की बात कर रहा है। हालांकि पुलिस इसे आत्महत्या मानने के साथ-साथ हत्या के एंगल से भी देख रही है।

​एफएसएल टीम कर रही जांच

​मामले की गंभीरता को देखते हुए हरसिद्धि पुलिस ने एफएसएल (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया है। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के साक्ष्यों को एकत्रित कर मामले के तह तक जाने का प्रयास कर रही है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।