सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बेलवनवा मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के रहने वाले सुशांत शाह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। मृतक के परिजनों ने सुशांत की पत्नी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पत्नी ने खुद को निर्दोष बताया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी है।
खुशियों के माहौल में पसरा मातम
मिली जानकारी के अनुसार, सुशांत शाह की शादी वर्ष 2014 में खुशबू कुमारी के साथ हुई थी। दंपति के एक बेटा और एक बेटी हैं। दुखद बात यह है कि जिस दिन सुशांत की मौत हुई, उसी दिन उनके मासूम बेटे का जन्मदिन था। घर में उत्सव की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों तथा परिचितों को निमंत्रण भी भेजा जा चुका था। लेकिन खुशी का यह माहौल पल भर में मातम में बदल गया।
परिजनों ने लगाया पत्नी पर हत्या का आरोप
मृतक के भाई और परिजनों का आरोप है कि सुशांत और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनका दावा है कि पत्नी खुशबू कुमारी ने ही सुशांत की हत्या की और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
पत्नी का दावा
दूसरी ओर, आरोपी पत्नी खुशबू कुमारी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उसका कहना है कि पति-पत्नी के बीच केवल मामूली कहासुनी हुई थी। देर रात जब उसने कमरे का दरवाजा खोला, तो सुशांत का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। खुशबू के अनुसार, उसने तुरंत इसकी जानकारी ससुराल वालों को दी। साथ ही उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुशांत की पत्नी खुशबू कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजहों का पर्दाफाश हो सकेगा।

