राकेश कथूरिया, कैथल। शिक्षा, कौशल विकास, पुनर्वास एवं समाज सेवा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज आरकेएसडी कॉलेज, कैथल एवं नारायण सेवा संस्थान शाखा कैथल के मध्य एक महत्वपूर्ण सहमति पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

एमओयू पर आरकेएसडी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. गगन मित्तल तथा नारायण सेवा संस्थान के राष्ट्रीय शाखा प्रमुख डॉ. विवेक गर्ग ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद लाभार्थियों के लिए निःशुल्क कौशल विकास, पुनर्वास सेवाएं, इंटर्नशिप अवसर तथा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है।

समझौते के अंतर्गत फिजियोथेरेपी सेवाएं एवं प्रशिक्षण, कंप्यूटर कोर्स, मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण, सिलाई प्रशिक्षण, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण सहायता, विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप अवसर तथा समय-समय पर स्वास्थ्य, पुनर्वास, सामाजिक जागरूकता एवं कौशल विकास शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर आरकेएसडी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का सामाजिक एवं व्यावहारिक विकास भी अत्यंत आवश्यक है। नारायण सेवा संस्थान के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों को सेवा, कौशल एवं संवेदनशीलता से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

नारायण सेवा संस्थान के राष्ट्रीय शाखा प्रमुख डॉ. विवेक गर्ग ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। इस एमओयू के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज सेवा के साथ-साथ कौशल विकास एवं पुनर्वास गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में आरकेएसडी कॉलेज प्रबंधन समिति के चेयरमैन अश्वनी शोरेवाला, महासचिव पंकज बंसल, इंटर्नशिप कॉर्डिनेटर डॉ. विशाल आनंद, प्रोफेसर डॉ. नरेश गर्ग तथा नारायण सेवा संस्थान की ओर से कैथल जिला प्रभारी सतपाल मंगला, शाखा संयोजक दुर्गा प्रसाद, सेवा प्रचारक ज्ञान चंद भल्ला एवं रमेश जिंदल उपस्थित रहे।

उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह समझौता विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने, कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा दिव्यांग एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक प्रभावी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।