MP Accident: मध्य प्रदेश में 5 अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों ने 4 लोगों का जीवन लील लिया। खजुराहो, छिंदवाड़ा और सिंगरौली में खून से सड़कें लाल हो गई। वहीं इंदौर में महाकाल के श्रद्धालु भी दुर्घटना का शिकार हो गए। गनीमत है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। इसी तरग बागली में भी पुलिया पर टवेरा-डंपर की आमने-सामने भिड़ंत के बाद 8 जिंदगियां बाल-बाल बच गई।
खजुराहो में सड़क हादसा, 1 की मौत
शशांक द्विवेदी, खजुराहो। खजुराहो राजनगर बाईपास रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं 2 गंभीर घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसा ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुआ है।
घटना रात 10 से 11 बजे के आसपास खजुराहो थाना क्षेत्र के ननोरा तालाब बाईपास रोड की है। दरअसल, रात में बाइक पर सवार 3 लोग कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयावह था कि एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने एंबुलेंस को इसकी सूचना दी मगर वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके बाद वे घायलों को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल लेकर गए।
छिंदवाड़ा में वाहन की टक्कर से 2 की मौत
शरद पाठक, छिंदवाड़ा। जिले के चौरई क्षेत्र में सिद्धि विनायक रिज़ॉर्ट के पास शनिवार को देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह युवक एक बाइक से जा रहे थे तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान से महाकाल के दर्शन करने आए भक्त हादसे का शिकार
चंकी बाजपेयी, इंदौर। एमपी के इंदौर के धार रोड स्थित नवादा पथ पर भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। महाकाल के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की रेत से भरे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ड्राइवर घायल हो गया वहीं सभी यात्री सुरक्षित हैं।

पुलिस के मुताबिक श्रद्धालु राजस्थान से उज्जैन महाकाल के दर्शन करने के लिए आए थे। इसी दौरान रेत से भरे डंपर की लापरवाही के कारण यह हादसा हो गया। चंदन नगर पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर डंपर जब्त कर लिया है।
नौकरी कर घर लौट रहे युवक को पिकअप ने रौंदा, मौत
सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के जयंत मोरवा मुख्य मार्ग के शुक्ला मोड़ के पास पिकअप ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान बब्बे लाल बैगा के रूप में हुई है जो निजी कंपनी में नौकरी करता था। हर दिन की तरह वह काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
कालीसिंध पुलिया पर टवेरा-डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, बाल-बाल बचीं 8 जिंदगियां
हेमंत गुर्जर बागली (देवास)। बागली के कमलापुर थाना क्षेत्र में इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौखापिपलिया गांव स्थित कालीसिंध नदी की सिंगल लेन पुलिया पर देर रात टवेरा और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद टवेरा वाहन पुलिया पर लटक गया। वाहन में आठ लोग सवार थे। गनीमत रही कि वाहन नदी में नहीं गिरा और बड़ा हादसा टल गया। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटाकर बहाल किया गया।

रात करीब एक बजे इंदौर से नेमावर जा रही टवेरा और नेमावर से रेत लेकर इंदौर जा रहे डंपर की सिंगल लेन पुलिया पर आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टवेरा वाहन पुलिया पर लटक गया। वाहन में आठ लोग सवार थे। यदि टवेरा वाहन नदी में गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सिंगल लेन पुलिया पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। पिछले साल भी इसी पुलिया पर कार नदी में गिरने से दो लोगों की मौत हो चुकी थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

