न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी स्थित क्वार्टर में युवती का शव फंदे पर लटका था। मृतिका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि युवती ने लव मैरिज की थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

यह पूरा मामला कोतमा थाना क्षेत्र की गोविंद कॉलोनी का है। जहां नेहा चौहान (19) अपने पति के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि नेहा ने लव मैरिज की थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद और अनबन चल रहा था। मामला थाने तक भी पहुंचा था। इसके बाद गुरुवार शाम करीब 7 बजे नेहा के पिता को उसके ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

ये भी पढ़ें: 9 साल का प्रेम विवाह… फिर पति के दोस्त से प्यार? जिसे माना भाई, उसी के साथ रहने पहुंची पत्नी!

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। वहीं नेहा के माता-पिता और मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे धमकियां भी दी जा रही थीं। मायके पक्ष ने आशंका जताई है कि नेहा की हत्या की गई और बाद में शव को फंदे पर लटकाया गया। मायके पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही साफ होगा कि नेहा की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m