कर्ण मिश्रा, अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित प्रसिद्ध तुलसी सरोवर तालाब में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात किशोरी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में तैरते शव को देखकर राहगीरों ने तुरंत देहात थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
SDRF की टीम ने पानी से निकाला शव
सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल SDRF की टीम को सूचित किया। SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, घटना स्थल पर मौजूद कोई भी स्थानीय नागरिक या राहगीर मृतका की पहचान नहीं कर सका।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 16 से 17 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। प्रथम दृष्टया किशोरी के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या चोट के निशान नजर नहीं आए हैं। पानी में शव उल्टा पड़ा हुआ था और शरीर बहुत अधिक फूला हुआ नहीं था, जिससे पुलिस का मानना है कि यह घटना बहुत पुरानी नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह
देहात थाना पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे कब्जे में ले लिया है और मृत्यु के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी की दर्ज शिकायतों के आधार पर मृतका की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



