शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा इन दिनों अपने डिजिटल मेकओवर और भीतर हुए ऐतिहासिक बदलावों को लेकर जमकर सुर्खियां बटोर रही है। मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही विधानसभा को पूरी तरह से ‘ई-विधानसभा’ की व्यवस्था से जोड़ दिया गया है। इसके अलावा सदन के भीतर की राजनीति और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी कई बड़े कदम देखने को मिले हैं।
अब ‘डिजिटल’ माध्यम से चलेगी विधानसभा
मध्य प्रदेश विधानसभा को हाईटेक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास अब धरातल पर उतर आए हैं। विधानसभा की कार्यवाही को अब पूरी तरह से ऑनलाइन संचालित किया जा रहा है। सदन के भीतर सभी विधायकों को टैबलेट प्रदान किए गए हैं, जिसके जरिए वे विधानसभा की दैनिक कार्यसूची से लेकर प्रश्नों और उत्तरों की पूरी जानकारी डिजिटल रूप में देख सकेंगे।
‘ई-विधान’ नाम से एक विशेष पोर्टल तैयार
विधायकों के लिए ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन सवाल लगाने की सुविधा भी शुरू की गई है। इस पहल को लेकर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मध्य प्रदेश में ‘ई-विधान’ नाम से एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसमें विधायकों की संपूर्ण जानकारी के साथ उनके सवाल-जवाब भी उपलब्ध रहेंगे। इस कदम से न केवल भारी मात्रा में कागजों की बचत होगी, बल्कि मध्य प्रदेश डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक मिसाल बनेगा।
सेंट्रल हॉल में नेहरू और श्यामा प्रसाद एक साथ
विधानसभा परिसर के भीतर इन दिनों एक तस्वीर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है। दिसंबर 2023 के बाद अब विधानसभा के सेंट्रल हॉल में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर लगाई गई है। दिलचस्प बात यह है कि इस गैलरी में नेहरू जी की तस्वीर के ठीक पहले भाजपा के पितृ-पुरुष माने जाने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर लगी हुई है।
राजनीतिक बयानबाजी पर विराम
लगभग ढाई साल पहले सदन के भीतर से जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर हटाकर वहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लगाई गई थी, जिस पर कांग्रेस विधायकों ने भारी हंगामा किया था। अब अध्यक्ष की पहल पर नेहरू जी की तस्वीर को दोबारा विधानसभा के सेंट्रल हॉल में स्थान दिया गया है। अब सेंट्रल हॉल में पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अलावा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य तस्वीरें भी सुशोभित हैं। दोनों विपरीत विचारधारा के नेताओं की तस्वीरें एक ही हॉल में आमने-सामने होने से लंबे समय से चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर विराम लगने की उम्मीद है।
EV का इस्तेमाल करेंगे विधानसभा अध्यक्ष
डिजिटल क्रांति के साथ-साथ विधानसभा में ऊर्जा संरक्षण (Energy Saving) को लेकर भी एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अब अपने सरकारी काफिले में इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल (EV) को शामिल कर लिया है। पहले उनके काफिले में पेट्रोल-डीजल की गाड़ियों का इस्तेमाल होता था।
इलेक्ट्रिक गाड़ी से सफर करते नजर आएंगे
बता दें कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले में भी पहले से इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल शामिल है और वे खास तौर पर भोपाल के शहरी क्षेत्रों में EV से ही सफर करते हैं। अब मुख्यमंत्री की राह पर चलते हुए विधानसभा अध्यक्ष भी पर्यावरण को बचाने और ईंधन की खपत कम करने के लिए इलेक्ट्रिक गाड़ी से सफर करते नजर आएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

