MP Morning News: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज से आगाज होगा। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। अश्विन जोशी, पहाड़ सिंह कौजे, मेजर जनरल भुवन चन्द्र खंडूरी, डॉ. बशीर बद्र, तीजन बाई के निधन का उल्लेख किया जाएगा। इसके बाद 6 पत्रों को पटल पर रखा जाएगा।
एमपी विधानसभा में कौशल एवं रोजगार से जुड़ा हुआ अध्यादेश पटल पर रखा जाएगा। ध्यानाकर्षण में ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा उठेगा। कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल डीजे के साउंड का मुद्दा उठाएंगे। तेज डीजे साउंड सिस्टम पर कार्रवाई न किए जाने की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। कांग्रेस विधायक आतिफ आरिफ अकिल पुराने शहर में पार्किंग का मुद्दा उठाएंगे।
2 अध्यादेश लाएगी सरकार
पहली बार सत्र पूरी तरह से डिजिटल होगा। आज सरकार 2 अध्यादेश लाएगी। मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं घर स्वराज (संशोधन) अध्यादेश, 2026 पेश होगा। मध्यप्रदेश उपकर (संशोधन) अध्यादेश, 2026 पेश किया जाएगा। 2 ध्यानाकर्षण और 25 याचिकाएं प्रस्तुत होंगी। बेरोजगारी, पेपर लीक, कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।
UCC विधेयक होगा पेश
सरकार सदन में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) विधेयक पेश कर सकती है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर तीखी बहस के आसार है। सत्र के दौरान महत्वपूर्ण विधेयकों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी।
24 जुलाई तक चलेगा सत्र, 9 विधेयक लाएगी सरकार
एमपी सरकार 5 दिन के सत्र में 9 विधेयक लाएगी। UCC का प्रस्ताव भी पारित करवाएगी। समान नागरिक संहिता (यूसीसी)-2026 के ड्राफ्ट को कैबिनेट ने मंजूरी दी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस-2026 को भी मंजूरी। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विधेयक आएगा। निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक-2026 को मंजूरी समेत समेत कई अहम बिल सदन में आएंगे।
CM के आज के कार्यक्रम
सीएम डॉ मोहन यादव आज भोपाल में ही रहेंगे। वे सुबह 9:55 बजे विधानसभा पहुंचेंगे। 10 बजे मानसून सत्र के पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में शामिल होंगे। 11 बजे सदन में मौजूद रहेंगे। 1:30 बजे मुलाकात के लिए विधानसभा में समय आरक्षित रहेगा। 2 बजे गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर बैठक करेंगे। इसके बाद शाम 7 बजे विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।
भाजपा विधायक दल की बैठक आज
आज शाम 7 बजे सीएम हाउस में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें भारतीय जनता पार्टी विधानसभा सत्र के लिए रणनीति बनाएगी।
कांग्रेस ने बनाई रणनीति
रविवार को कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई थी। जिसमें विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर रणनीति बनाई गई। कांग्रेस सदन में यूसीसी का विरोध करेगी। सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसके साथ ही विपक्ष किसान, जमीन, इथेनॉल, केन बेतवा, जमीन अधिकरण का मुद्दा सदन में उठाएगी।
OBC आरक्षण पर ओबीसी महासभा लामबंद
ओबीसी आरक्षण को लेकर आज ओबीसी महासभा लामबंद होगा। भोपाल में विधानसभा का घेराव करेंगे। युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में घेराव में शामिल होंगे। 13% होल्ड पदों को बहाल करने की प्रमुख मांग है।
सिंधिया राजपरिवार के संपत्ति विवाद पर आज अहम सुनवाई
सिंधिया राजपरिवार के संपत्ति विवाद पर आज अहम सुनवाई होगी। ग्वालियर कोर्ट में समझौते पर आज मुहर लग सकती है। दशकों पुराने अरबों रुपये के संपत्ति विवाद के निपटारे की उम्मीद है। जयविलास पैलेस सहित कई संपत्तियों के बंटवारे पर फैसला संभव है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिल्ली और शिवपुरी की संपत्तियां मिलने के आसार है। वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे समेत सभी प्रमुख पक्ष समझौते में शामिल है।
35 पन्नो का समझौता मसौदा कोर्ट में पहले ही पेश किया जा चुका है। ग्वालियर, दिल्ली, मुंबई, शिवपुरी, उज्जैन और पुणे की संपत्तियां विवाद का हिस्सा है। समझौते को अदालत की मंजूरी मिलने पर दशकों पुराना विवाद समाप्त हो सकता है। आपको बता दें कि बीती 08 जुलाई की सुनवाई के दौरान सम्पत्तियों का रिकॉर्ड न आ पाने के कारण सुनवाई आगे बढ़ी थी।
हाईकोर्ट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के सामने अवैध पार्किंग का मामला
हाईकोर्ट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के सामने अवैध पार्किंग मामले में आज फिर सुनवाई होगी। इसे लेकर हाईकोर्ट में PIL दायर की गई है। याचिका में हाईकोर्ट बिल्डिंग के सामने और अगल बगल लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया गया है। चार-पहिया और दो-पहिया वाहनों की पार्किंग से पब्लिक को समस्या की बात कही गई है। पिछली सुनवाई के बाद मामले में दिशा निर्देश जारी किए गए थे।
एडवोकेट जनरल ने सभी विभागों के प्रमुखों को एडवाइजरी जारी करने की बात कही थी। विभिन्न विभागों से कोर्ट आने वाले ‘पिक एंड ड्रॉप’ सिस्टम का पालन कराने की बात कही गई थी। असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल की ओर से भी केंद्र सरकार के उन अधिकारियों को एडवाइजरी जारी करने की बात कही थी। जिन वकीलों के पास ड्राइवर है, वो भी ‘पिक एंड ड्रॉप’ सिस्टम का पालन करें। वकीलों से ‘पूल कार’ अपनाने की अपील की गई थी।
हाईकोर्ट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के सामने एक ट्रैफ़िक पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश हुए थे। कलेक्टर ऑफिस क्रॉसिंग से तहसील क्रॉसिंग तक की सड़क को सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक ‘वन-वे’ घोषित करने की बात हुई थी। याचिका में कोर्ट के सामने और आसपास से जुड़े इलाकों में फ्लाईओवर बनाने की भी मांग है। 6 जुलाई से हाईकोर्ट परिसर के बाहर नई ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू करने की बात की थी। बार एसोसिएशन से भी नई व्यवस्था पर सुझाव मांगे गए थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


