राजकुमार दुबे, भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम कच्चे स्थित आरी डोंगरी लौह खदान में मलबा धंसने की घटना अब सियासी रंग ले चुकी है। हादसे ने जहां स्थानीय ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं सांसद भोजराज नाग के बयान ने माहौल को और गरमा दिया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रबंधन को फटकार लगाते हुए गंदी गालियां दी है।

जानकारी के अनुसार 10-11 अप्रैल की दरम्यानी रात खदान से मलबा धंसकर एक मकान पर जा गिरा। घटना के बाद खदान प्रबंधन ने एहतियातन आसपास के 23 मकानों को खाली कराने और प्रभावित परिवारों को अन्य स्थान पर बसाने का निर्णय लिया। साथ ही नए घर बनाने का आश्वासन भी दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि खदान के कारण लगातार खतरा बना हुआ है, इसलिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थायी पुनर्वास दिया जाए। इस बीच कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग आज घटना स्थल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खदान प्रबंधन पर जमकर नाराजगी जताई और गाली देते हुए अमर्यादित बात कही।

मौजूद लोगों के मुताबिक सांसद का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से तीखी भाषा का इस्तेमाल कर दिया।अब सवाल उठ रहे हैं कि यह बयान महज गुस्से में निकला या फिर यह एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा था।राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। घटना स्थल पर मौजूद भीड़ के बीच सांसद की नाराजगी का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

समस्याओं का जल्द समाधान करने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान सांसद ने लापरवाही को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई और कंपनी प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। फिलहाल प्रशासन और कंपनी प्रबंधन राहत कार्यों में जुटे हैं, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से ठोस इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

नाग ने अफसरों से कहा था – नींबू काटकर भूत उतार दूंगा

इससे पहले भी सांसद भोजराज नाग का विवादित बयान सामने आया था। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि जो अधिकारी जनता की समस्याओं पर फोन नहीं उठाएंगे और शिकायतों का समाधान नहीं करेंगे, हम सभी के लिए नींबू काटेंगे। अवैध उत्खनन को लेकर सांसद भोजराज नाग ने कहा था कि जहां भी इस प्रकार का अवैध कारोबार होगा। हमारी सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। इससे पहले भी सांसद ने कहा था कि नींबू काटकर भूत उतार दूंगा।

दरअसल, सांसद भोजराज नाग धमतरी पहुंचे थे। यहां उन्होंने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान 15 नवंबर को ‘जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की बात कही। साथ ही धमतरी जिले में अवैध उत्खनन के सवाल पर सांसद भोजराज ने कहा, सरकार की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को नजरअंदाज करना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।

देखें वीडियो –

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H