शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा अपने तीखे और आक्रामक बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार जन्माष्टमी के एक मंच से दिया गया उनका बयान उनके लिए मुसीबत बन गया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक के बिगड़े बोल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मध्य प्रदेश की राजनीति में जबरदस्त सियासी संग्राम छिड़ गया है।
आखिर क्या था विधायक का विवादित बयान?
जन्माष्टमी के सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ में कहा कि जब हिंदुस्तान के लोग कहते थे कि हम सुई बनाना भी नहीं जानते, तब मोदी जी ने कहा कि हम मिसाइल बनाएंगे।आगे बढ़ते हुए उन्होंने विवादित बयान दे डाला, करोंद के चौराहे पर मिसाइल लगा दो और काजी कैंप पर गिरा दो।
बयान पर चौतरफा घिरने के बाद विधायक रामेश्वर शर्मा को तुरंत सफाई देने मैदान में उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि मैंने भोपाल के मुस्लिम बहुल क्षेत्र काजी कैंप की बात नहीं की थी, बल्कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात कही थी।
गूगल सर्च कर लिया, इस्लामाबाद में कोई काजी कैंप ही नहीं है!
विधायक की इस सफाई पर कांग्रेस के नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने करारा हमला बोला है। अब्बास हाफिज ने इंटरनेट सर्च का हवाला देते हुए कहा कि हमने पूरे गूगल और इंटरनेट पर तलाश कर लिया, लेकिन इस्लामाबाद में ‘काजी कैंप’ नाम का कोई इलाका या मोहल्ला मौजूद ही नहीं है।
कांग्रेस नेता ने विधायक की घेराबंदी करते हुए कहा, “आपकी सोच और आपका बयान दोनों बेहद निंदनीय हैं। भोपाल के काजी कैंप को निशाना बनाकर दिए गए इस बयान पर प्रदेश सरकार को अपना रुख और स्टैंड तुरंत साफ करना चाहिए, क्योंकि जिस इलाके को निशाना बनाने की बात कही गई है, वह भोपाल का एक विशेष मुस्लिम बहुल इलाका है।”
धार्मिक ध्रुवीकरण के आरोपों के बीच गहराया राजनीतिक संकट
कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव और त्योहारों के दौरान जानबूझकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक ध्रुवीकरण की नीयत से ऐसे बयान दिए जा रहे हैं। वहीं, भाजपा संगठन फिलहाल इस पूरे मुद्दे पर सीधे बोलने से बचता नजर आ रहा है। अब देखना यह होगा कि इस विवादित बयान की गूंज और कांग्रेस के सीधे हमलों पर भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार क्या आधिकारिक रुख अपनाती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



