राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर सबसे बड़ी और नई ऊंचाई मिली है। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत संचालित महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव-2026 ने देश भर में अपनी सफलता का परचम लहराते हुए एक और इतिहास रच दिया है। देहरादून में आयोजित इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्री के हिंदुस्तान 2.0 नेशनल चिंतन शिविर एवं एक्सपो में विक्रमोत्सव 2026 को प्रतिष्ठित ‘बीटा अवॉर्ड्स 2026’ के तहत गवर्नमेंट इंवेंट ऑफ द इयर से नवाजा गया है। इस गौरवशाली उपलब्धि के बाद अब बीटा की राष्ट्रीय टीम विशेष रूप से भोपाल आकर सूबे के मुखिया डॉ. मोहन यादव को यह सम्मान प्रदान करेगी।
1 साल में अवॉर्ड्स की हैट्रिक, दिल्ली के बाद अब देहरादून में बजा डंका
विक्रमोत्सव 2026 के नाम इस साल का यह तीसरा बड़ा राष्ट्रीय सम्मान है, जिसने मध्य प्रदेश को पूरे देश के इवेंट उद्योग में सबसे आगे लाकर खड़ा कर दिया है। इससे पहले नई दिल्ली में आयोजित ‘शो ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव 2026’ में भी विक्रमोत्सव ने धूम मचाई थी। वहां इसे सांस्कृतिक लाइव इवेंट ऑफ द इयर में गोल्ड अवार्ड और लाइव इवेंट में सर्वश्रेष्ठ शासकीय सहभागिता के लिए सिल्वर अवार्ड मिल चुका है।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराज विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि विक्रमोत्सव दुनिया का सबसे लंबी अवधि तक चलने वाला सांस्कृतिक आयोजन रहा है। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल पारंपरिक और सांस्कृतिक गतिविधिया ही नहीं हुई बल्कि बड़े पैमाने पर बिजनेस इवेंट्स भी आयोजित किए गए, जिसने जनभागीदारी को एक नए मुकाम पर पहुंचाया है।
विरासत से विकास: पीएम मोदी के संकल्प को साकार कर रहे सीएम मोहन
इस बड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्वीकृति पर महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसके पीछे की दूरदर्शी सोच को रेखांकित किया। श्रीराम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरदर्शी पहल और इच्छाशक्ति के कारण ही उज्जैन में विक्रमोत्सव को इतनी भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। अब इस भव्य आयोजन की ऊर्जा पूरे देश में फैल रही है। यह उत्सव भारतीय संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली विरासत के राष्ट्रीय पर्व के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है।
उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विरासत से विकास’ के संकल्प को अक्षरशः साकार कर रही है। विक्रमोत्सव को मिली इस शानदार उपलब्धि ने न केवल मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है, बल्कि बड़े पैमाने पर होने वाले सरकारी आयोजनों के लिए पूरे देश में एक नया और मानक स्थापित कर दिया है। यह नवाचार और परंपराओं का ऐसा जीवंत उत्सव बन चुका है जो भविष्य में मध्य प्रदेश को सांस्कृतिक क्षेत्र में नई और अनंत ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

