राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी सांगठनिक कार्यशैली में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब पार्टी का संचालन जिला मुख्यालयों के बजाय सीधे बूथ स्तर से किया जाएगा। हाल ही में संपन्न हुई BJP की कोर कमेटी की बैठक में इस पर गंभीर मंथन किया गया, जिसके बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है। इस नई रणनीति के तहत दीपावली के तुरंत बाद से ही प्रदेश के दिग्गज नेता बूथ स्तर पर सक्रिय नजर आएंगे।
दिग्गज नेताओं के होंगे बूथ स्तरीय दौरे
नई कार्ययोजना के मुताबिक मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन महामंत्री अब सीधे बूथ स्तर के दौरों पर रहेंगे। जिलों के अपने निर्धारित दौरों के दौरान मुख्यमंत्री इनमें से किसी एक बूथ स्तरीय कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होंगे। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष भी जिला मुख्यालयों के साथ-साथ सीधे बूथ पर पहुंचकर संगठन की बैठकें लेंगे। पार्टी के अन्य स्थानीय और जिला स्तर के नेताओं को भी अनिवार्य रूप से बूथों पर समय बिताना होगा।
बूथ पदाधिकारियों के साथ होंगी टिफिन बैठकें
BJP का मुख्य फोकस अब जिला मुख्यालयों के मुकाबले बूथ मुख्यालयों को मजबूत करने पर रहेगा, जिससे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल और पकड़ दोनों मजबूत हो सकें। इस अभियान के तहत बूथ की टीमों को अधिक तवज्जो दी जाएगी और वरिष्ठ नेता बूथ पदाधिकारियों के साथ विशेष ‘टिफिन बैठकें’ करेंगे, ताकि चुनावी और सांगठनिक रणनीति पर खुलकर चर्चा की जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

