संजय पाटीदार, भोपाल। MP Board 10th Second Exam: माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश ने हाईस्कूल द्वितीय परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में असफल विद्यार्थियों को मिले दूसरे अवसर में भी सफलता का प्रतिशत उम्मीद से कम रहा। नियमित और स्वाध्यायी दोनों वर्गो में बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा पास नहीं कर सके।

नियमित श्रेणी में 1 लाख 44 हजार 788 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 1 लाख 44 हजार 784 का परिणाम घोषित किया गया। कुल 58 हजार 608 विद्यार्थी सफल हुए, जबकि 86 हजार 176 विद्यार्थी असफल रहे। नियमित वर्ग का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 40.47 रहा। लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। छात्राओं का पास प्रतिशत 44.56 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 37.40 प्रतिशत रहा।

स्वाध्यायी श्रेणी में कुल 33 हजार 139 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 33 हजार 130 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित हुआ। केवल 9 हजार 590 विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए, जबकि 23 हजार 540 विद्यार्थी असफल रहे। इस वर्ग में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 28.94 प्रतिशत रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत 31.56 और लड़कों का 27.06 प्रतिशत दर्ज किया गया।

द्वितीय परीक्षा के परिणाम में भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। नियमित वर्ग में 13 हजार 344 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जबकि स्वाध्यायी वर्ग में प्रथम श्रेणी हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या केवल 128 रही। अधिकांश विद्यार्थी द्वितीय और तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

नियमित और स्वाध्यायी दोनों श्रेणियों को मिलाकर 1 लाख 9 हजार 716 से अधिक विद्यार्थी असफल रहे। आंकड़े बताते हैं कि मुख्य परीक्षा में असफल विद्यार्थियों के लिए आयोजित द्वितीय परीक्षा भी बड़ी संख्या में छात्रों के लिए राहत साबित नहीं हो सकी। हालांकि दोनों वर्गो में छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन कर अपनी शैक्षणिक बढ़त कायम रखी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m