MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र का आज आठवां दिन है। सदन में बुधवार को निराश्रित पशुओं से फसलों से नष्ट होने और यातायात बाधित होने का मामला गूंजेगा। कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल इस मामले में पशुपालन मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगे। आज भी सदन में सवा 6 घंटे तक बजट पर चर्चा होगी। इसके पहले 2 ध्यानाकर्षण, 85 याचिकाएं भी पटल पर रखी जाएंगी। मंत्री चैतन्य कश्यप और इंदर सिंह परमार सदन के पटल पर पत्र रखेंगे।
CM के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे। सीएम दोपहर 1:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पहुंचेंगे। आजीविका विपणन क्षमतावर्धन कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। एमेजॉन सहित विभिन्न ई-मार्केट पोर्टल पर महिला समूहों के उत्पाद उपलब्ध होंगे। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के मार्केटिंग के तहत क्षमतावर्धन के लिए प्रशिक्षण दिया जायेगा। स्व-सहायता समूहों की सदस्यों को उत्पाद विक्रय के लिये राष्ट्र स्तरीय वृहद बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
शहडोल जाएंगे राज्यपाल
राज्यपाल मंगूभाई पटेल आज शहडोल दौरे पर रहेंगे। जहां वे पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित पंचम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। लेफ्टिनेंट जनरल अनूप बनर्जी दीक्षांत उद्बोधन देंगे। इस समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को उपाधि व स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। दीक्षांत में सैकड़ों विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपाधि मिलेगी। वहीं विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. रामशंकर विद्यार्थियों को दीक्षांत की शपथ दिलाएंगे।
तालाबों पर अतिक्रमणों को लेकर प्रशासन एक्टिव
भोपाल में तालाबों पर हो रहे अतिक्रमणों को लेकर जिला प्रशासन एक्टिव हो गया है। अतिक्रमण हटाने को लेकर पहली बार टास्कफोर्स का गठन किया गया है। राजधानी के 18 तालाबों पर अतिक्रमण हटाने 19 मेंबर्स की टीम बनाई गई है। जिसमें 17 प्रशासनिक अधिकारी और 2 पर्यावरणविद शामिल है। 2 अपर आयुक्त, 1 ज्वाइंट कलेक्टर, 2 डिप्टी कलेक्टर, 4 SDM समेत एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित शामिल है। हर 15 दिन में अतिक्रमण की समीक्षा होगी। बताया जा रहा है कि अकेले बड़े तालाब के आसपास 225 अतिक्रमण है।
श्रमिकों की समस्याओं को लेकर आंदोलन आज
भोपाल में आज श्रमिकों की समस्याओं को लेकर आंदोलन होगा। भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले प्रदर्शन किया जाएगा। संघ कार्यकर्ता दोपहर 1 बजे कोहेफिजा थाना के पास एकत्रित होंगे। रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। श्रमिकों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा। इस प्रदर्शन में अलग-अलग संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
साहित्य और संगीत का संगम
भोपाल के रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आज से साहित्य और संगीत का संगम शुरू होने जा रहा है। सुबह 10:30 से 12 बजे रचनाकारों का सम्मान, पाठ और संवाद होगा। दोपहर 12:30 से 1:15 बजे तक रियाज से रील तक विषय पर संवाद होगा। दोपहर 1:15 से 2 बजे तक डिजिटल दौर में बदलते पाठकों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5 बजे नाट्य प्रस्तुति ‘मगर शेक्सपियर को याद रखना’ नाटक का मंचन होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


