भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 जुलाई को मंत्रालय में विभिन्न प्रासंगिक विषयों पर विभागों की अद्यतन प्रगति और आगामी कार्य योजना के संबंध में समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य शासन की प्राथमिकता वाले विषयों पर त्वरित कार्यवाही की जाए। जरूरी हो, तो अभियान चलाकर लक्ष्य पूरे किए जाएं। प्रदेश में इन दिनों स्कूल चलो अभियान चल रहा है। 15 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान अधिकाधिक सांदीपनि विद्यालय भवनों को लोकार्पण एवं स्कूलों का युक्तियुक्तकरण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को इसी सत्र में अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय प्रदेश का सबसे बड़ा उत्कृष्ट नवाचार है। स्कूल शिक्षा विभाग इसकी राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर ब्रांडिंग के लिए कार्य योजना तैयार करे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चित्रकूट के विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। यहां सती अनुसुईया मंदिर परिसर, सती अनुसुईया मल्टी फैसिलिटी सेंटर और गुप्त गोदावरी मंदिर परिसर का निर्माण होना है, यह काम तेजी से पूरा कर लिया जाए। मंदाकिनी नदी जोड़ो परियोजना के लिए उत्तरप्रदेश सरकार तैयार है। जल्द ही दोनों राज्यों की बैठक में इस परियोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रदेश के सभी धार्मिक महत्व के तीर्थस्थलों, मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक, चित्रकूट, ओंकारेश्वर, महेश्वर, दतिया, ओरछा, मैहर आदि में धर्मशाला, सराय, अन्न क्षेत्र, प्याऊ, पेयजल टंकी, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक उपयोग के भवन निर्माण के लिए धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहन दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रोत्साहन रजिस्ट्री शुल्क में छूट, अनुदान या अन्य रियायत स्वरूप में किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: संभावित अल्प वर्षा पर सीएम डॉ. मोहन का निर्देश, कहा- सभी विभाग रखें समन्वित तैयारी, राज्य स्तरीय जल डैशबोर्ड बनाने का ऐलान

रजिस्ट्री के लिए चलाएं अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के भारत हेवी इलेक्ट्रीकल्स लिमिटेड (भेल) को शासन की ओर से दी गई जमीन की भेल के लिए फिलवक्त अनुपयोगी भूमि उनसे वापस लेने के प्रयास किए जाएं। इसके लिए केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय से समन्वय कर यह कार्यवाही जल्द से जल्द की जाए। यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) की रासायनिक कचरे से मुक्त भूमि पर एक भव्य स्मारक का निर्माण होना है, इसके लिए एप्को कार्य योजना तैयार करे और वर्तमान में गुजरात के भुज में तैयार म्यूजियम का मौका मुआयना कर भोपाल में भी ऐसा ही भव्य स्मारक तैयार करने के लिए विधिवत प्रस्ताव दे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए राज्य के 53 हजार गांवों में अभियान चलाया जाए। इस अभियान व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए गांव-गावं शिविर लगाकर ग्रामीणों के पंजीयन किए जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि घोषित करने की प्रकिया को और भी सरल बनाया जाए। ग्रीष्मकाल में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के लिए पहले से बेहतर तैयारी कर ली जाए। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष प्रदेश के किसी भी जिले में पेयजल परिवहन की स्थिति निर्मित नहीं हुई।

कार्यालय में निर्धारित समय पर मौजूद रहें अधिकारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न मंदिरों में श्री महाकालेश्वर मंदिर की तरह होमगार्ड्स के पदों कासृजन किया जाए और मंदिर समिति के वहन पर इनकी नियुक्ति की जाए। अग्निवीरों को मध्यप्रदेश पुलिस में विशेष सशस्त्र बल (आरक्षक पद) की नियुक्ति में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपर मुख्य सचिव गृह को निर्देशित किया कि वे इस संबंध में अतिशीघ्र कार्यवाही करें।

ये भी पढ़ें: एमपी की 2518 आंगनबाड़ी में होगी भर्ती: ऑनलाइन होगी प्रक्रिया, जानें कब से शुरू होंगे आवेदन

उन्होंने कहा कि शासन की व्यवस्था है कि सभी शासकीय सेवक कार्य दिवसों में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक कार्यालय में रहकर अपना कार्य सम्पन्न करें। समय की पाबंदी सबके लिए जरूरी है। इसलिए राज्य मंत्रालय, विंध्याचल एवं सतपुड़ा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तय समय पर उपस्थिति एवं रवानगी के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभाग अपने-अपने स्कूल चला रहे हैं। इन सभी स्कूलों को युक्तियुक्तकरण किया जाए। सभी वर्गों के छात्रावासों को संयुक्त रूप से एक छात्रावास में परिवर्तित कर विद्यार्थियों को यहां रखा जाए। इससे उनमें समरसता का भाव विकसित होगा। इन्हें समरसता छात्रावास का नाम दिया जाए।

उज्जैन में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट एवं ममलेश्वर के विकास के लिए भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए वन भूमि का उपयोग कर लिया जाए। बताया गया कि इस कार्य के निमित्त भूमि आंवटन की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि रामवन गमनपथ परियोजना एवं श्रीकृष्ण पाथेय के निर्माण में तेजी लाएं और इसे समय-सीमा में पूरा करें। उज्जैन की दताना मताना हवाई पट्टी के स्थान पर नवीन हवाई अड्डे के निर्माण कार्य में शीघ्र कार्यवाही की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रयास करें कि यहां जल्द से जल्द यहां भूमिपूजन कर लिया लाए। बताया गया कि नए हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण किया गया है। इसके लिए धारा 11 की कार्यवाही भी की जा चुकी है। जल्द ही नवीन हवाई अड्डे निर्माण का भूमि पूजन करवाया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी विभागों के अधिकारियों को दिए गए लक्ष्यों की जल्द से जल्द पूर्ति के लिए कार्य योजना बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m