MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज विधानसभा में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सीएम दिल्ली दौरे के लिए रवाना होंगे। जहां वे केद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन का वाराणसी दौरा भी प्रस्तावित है। वे वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य मंचन का समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

भोपाल के एमपी नगर में अपराध पर नकेल कसने SP ने ली बैठक

एसीपी मनीष भारद्वाज ने एमपी नगर क्षेत्र में क्लब रेस्टोरेंट और बार के आसपास बढ़ते अपराधों पर नकेल कसने के लिए बार संचालक, रेस्टोरेंट और क्लब संचालकों के साथ बैठक की। इस दौरान एसपी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कोई भी अनैतिक गतिविधियां और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग न हो। समय से क्लब, रेस्टोरेंट और बार बंद करे अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था न बिगड़े ये सभी लोग ध्यान रखे। अपने प्रतिष्ठानों में अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी रखे। एसीपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

10 अप्रैल से फिर शुरू होगी बड़ा तालाब किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

राजधानी के बड़ा तालाब किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 10 अप्रैल से फिर शुरू होगी। जिन लोगों ने मकानों पर लगे लाल निशान मिटाए हैं, उन्हें कोई राहत नहीं मिलेगी। डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठक में इसे नियमों से छेड़छाड़ माना गया। फुल टैंक लेवल से 50 मीटर के दायरे में बने निर्माण हटाए जाएंगे। 16 मार्च 2022 के बाद बने सभी निर्माण अतिक्रमण मानकर तोड़े जाएंगे। आपको बता दें कि सर्वे में अब तक 383 पक्के निर्माण और झुग्गियां चिन्हित हुई है।

राजधानी में एक्शन मोड में पुलिस

राजधानी भोपाल में आधी रात पुलिस ने दबिश दी। जिससे गुंडों और बदमाशों में हड़कंप मच गया। एक साथ कई इलाकों में सरप्राइज फ्लैग मार्च निकाला गया। जोन 3 और जोन 4 डीसीपी मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। छोला थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने थाना निशातपुरा और थाना छोला मंदिर की टीम के साथ सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाला। इस दौरान देर रात तक जो दुकाने खुली रहती है उन दुकान चालकों को चेतावनी दी गई है। वहीं बदमाशों को अपराध नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

भोपाल में आज यहां बिजली रहेगी गुल

भोपाल में आज रविवार को 15 इलाकों में 5 से 7 घंटे तक बिजली सप्लाई नहीं होगी।। मेंटेनेंस के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक रुस्तम परिसर और ओल्ड पीएचक्यू, सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक आईटी पार्क, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक परी बाजार, गोल घर, जज कॉलोनी, विनोभा कॉलोनी, अमलतास कॉलोनी, मीनाक्षी रेजीडेंसी, डॉक्टर कॉलोनी, खेजड़ा, ईदगाह और प्रभु नगर, वहीं सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक अंबर कॉम्पलेक्स इलाके में बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।

दतिया में रतनजोत बीज खाने से चार बच्चे बीमार

दतिया जिले के भदौना ग्राम में रतनजोत बीज खाने से चार बच्चे बीमार हो गए। बताया गया यह सभी बच्चे पिता के साथ खेत गए थे। खाने की चीज समझकर बच्चों ने रतनजोत बीच खा लिया। जिसके बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी का इलाज जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m