भोपाल। मध्यप्रदेश को औद्योगिक और पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज से 9 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दुबई में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय ‘एआईएम (AIM) कांग्रेस 2026’ में सहभागिता करेंगे और ‘इन्वेस्ट एमपी’ के माध्यम से दुनिया भर के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और नीति-निर्माताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री इस वैश्विक मंच से मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और उद्योग-अनुकूल नीतियों को दुनिया के सामने रखेंगे।
पहले दिन प्रवासी भारतीयों से संवाद और ODOP स्टॉल का उद्घाटन
दौरे के पहले दिन दुबई पहुंचने पर प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सीएम ओडीओपी स्टॉल का उद्घाटन करेंगे, जिसमें राज्य के चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक प्रिंट, बेल मेटल, ज़री-ज़रदोज़ी और ग्वालियर कारपेट जैसे हस्तशिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे। सीएम डॉ. यादव यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और महावाणिज्य दूत से मुलाकात करेंगे। साथ ही, वे अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही और 500 से अधिक संप्रभु संपत्ति कोष व फैमिली ऑफिस प्रतिनिधियों की मौजूदगी वाले ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शिरकत कर सभी दिग्गजों को ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027’ के लिए आमंत्रित करेंगे।
‘मध्यप्रदेश पेवेलियन’ का शुभारंभ और दिग्गजों के साथ बैठकें
दौरे के दूसरे और तीसरे दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस में ‘मध्यप्रदेश पेवेलियन’ का उद्घाटन करेंगे और लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे। वे रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी और तातारस्तान के गवर्नर से शिष्टाचार भेंट करेंगे। इसके अतिरिक्त, लूलू ग्रुप, डीपी वर्ल्ड, इमार ग्रुप, क्रेसेंट ग्रुप, शराफ ग्रुप, प्योर हेल्थ और बीआह ग्रुप जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के 12 से अधिक बड़े कॉरपोरेट घरानों और शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर रियल एस्टेट, शहरी विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश लाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



