हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला हैं। उन्होंने राम मंदिर में कथित चंदा गड़बड़ी के आरोपों पर मोदी सरकार को घेरते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई अहम सवालों पर भी उन्होंने कांग्रेस का पक्ष रखा।

चंदा चोरी की निष्पक्ष मांग

इंदौर में मीडिया से चर्चा के दौरान राम मंदिर में कथित चंदा गड़बड़ी के मुद्दे पर हरीश चौधरी ने कहा कि यदि भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जवाब देने से बच रही है और जनता सच्चाई जानना चाहती है।

दिग्गी की यात्रा पर कही ये बात

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित उज्जैन से अयोध्या यात्रा को लेकर हरीश चौधरी ने कहा कि यह पूरी तरह उनकी निजी यात्रा है। इसमें जो व्यक्ति शामिल होना चाहे हो सकता है, दिग्विजय सिंह ने संघ से जुड़े लोगों से भी यात्रा में जुड़ने की अपील की है।

दतिया में जल्द होगा प्रत्याशी का ऐलान

दतिया उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन लगातार बैठकें कर रहा है और जल्द ही कांग्रेस प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। वहीं अजय सिंह राहुल की सक्रियता पर उन्होंने कहा कि वे पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।

हरीश चौधरी बोले- झूठे आरोपों में फंसाने की कोशिश

जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का नाम ड्रग्स मामले में सामने आने पर हरीश चौधरी ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि जीतू पटवारी और उनके परिवार को झूठे आरोपों में फंसाने की कोशिश की जा रही है। वहीं पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव के भाजपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि राकेश यादव लंबे समय से भाजपा की विचारधारा से प्रभावित थे और उनका भाजपा में जाना इसी बात का प्रमाण है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m