एसआर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां कुछ दबंगों ने न केवल एक युवक के साथ चप्पलों और लात-घूसों से जमकर मारपीट की, बल्कि उसकी बेबसी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। यह पूरा मामला कुंभराज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
घटना की कसक तब और गहरी हो गई जब पीड़ित राजू प्रजापति के परिजनों ने मोबाइल पर इस दिल दहला देने वाले वीडियो को देखा। राजू ने लोक-लाज और डर के मारे अपने साथ हुई इस दरिंदगी की भनक परिवार को भी नहीं लगने दी थी। शिकायतकर्ता जगदीश प्रजापति के अनुसार, उनके भाई राजू का 16 जुलाई की रात रामसिंह केवट से मामूली विवाद हुआ था। अगली सुबह पंकज उनके घर पहुंचा और राजू को बुलाकर ले गया। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे पहलवान केवट, जितेंद्र केवट, छोटेलाल केवट और राहुल केवट ने राजू को घेर लिया।
ये भी पढ़ें: थाने से पुलिस की गाड़ी उड़ा ले गया शराबी: बाजार में राहगीरों को रौंदा, 200 मीटर तक घसीटी बाइक
पुलिस ने पीड़ित पर दर्ज किया केस
दबंगों ने राजू के साथ गंदी-गंदी गालियां देते हुए चप्पलों से बदसलूकी की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने उलटे राजू के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करा दिया, जिसके बाद पुलिस ने स्थायी वारंटी होने के कारण उसे कोर्ट में पेश किया और जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि राजू का एक वारंट लंबित था, इसलिए गिरफ्तार किया गया है।
वीडियो वायरल होने पर उजागर हुआ मामला!
जेल की सलाखों के पीछे बंद बेबस राजू की व्यथा तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर उसकी लाचारी का वीडियो वायरल होने लगा। वीडियो में आरोपी खुलेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। परिजन जब थाने पहुंचे तो कुंभराज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांचों आरोपियों पंकज, पहलवान, जितेंद्र, छोटेलाल और राहुल केवट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


