कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहने वाले कंप्यूटर बाबा ने सिंधिया समर्थकों को लेकर बड़ा बयान दिया है। कंप्यूटर बाबा का कहना है कि सभी सिंधिया समर्थक कांग्रेस में वापसी के लिए तड़प रहे हैं। उन्होंने उनकी हालत पानी से बाहर आई मछली जैसी बताई। लेकिन इस स्थिति में उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना दो टूक कह दिया कि यदि ऊपर बैठे कांग्रेसी वास्तव में असली कांग्रेसी हैं, तो सिंधिया समर्थकों को अब वापस पार्टी में नहीं लेना चाहिए। इसके साथ ही कंप्यूटर बाबा ने डॉ नरोत्तम मिश्रा की तारीफ में कसीदे भी पढ़े।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनके ही शहर ग्वालियर में काले झंडे दिखाए जाते हैं, दूसरी ओर उनकी कट्टर समर्थक इमरती देवी, कृष्णा गौर को मुख्यमंत्री बनाए जाने की भगवान से प्रार्थना करती हैं। ऐसी स्थिति में सिंधिया समर्थकों की स्थिति को लेकर कंप्यूटर बाबा ने कहा कि जैसे पानी से बाहर आने पर मछली तड़पती है, वैसी ही हालत उनकी है। उन्होंने कहा कि जैसा कर्म करेगा, वैसा फल देगा भगवान, यही गीता का ज्ञान है। दूसरों को धोखा देने वालों को आज नहीं तो कल धोखा जरूर मिलेगा, यह समय का विधान है।
जो कर्म किया उसे भोगना पड़ेगा
कंप्यूटर बाबा ने कहा कि बहुत सारे लोग कांग्रेस में आना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेसियों को ऐसे लोगों को वापस नहीं लेना चाहिए, जो कभी इधर होते हैं तो कभी उधर। उन्होंने कहा कि यदि बड़े पदों पर बैठे लोग (राहुल गांधी) वास्तव में कांग्रेसी हैं, तो ऐसे लोगों को किसी भी हालत में पार्टी में जगह नहीं देनी चाहिए। बाबा के मुताबिक, वे रोज देख रहे हैं कि सिंधिया समर्थकों की कोई सुन नहीं रहा। भाजपा के पास भीड़ बहुत है, इसलिए सिंधिया समर्थकों के लिए दरवाजा बंद है, अंदर जाने की कोशिश करते हैं, तो बाहर निकाल दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पहले ही सोचना चाहिए था कि जहां थे, वहीं रहते। अब जो कर्म किया है, उसे भोगना पड़ेगा।
कंप्यूटर बाबा बोले- नरोत्तम मिश्रा को दतिया से टिकट देना था
डॉ नरोत्तम मिश्रा को लेकर कंप्यूटर बाबा ने कहा कि वह लंबे समय तक दतिया से विधायक रहे हैं और ऐसे में उन्हें टिकट दिया जाना चाहिए था। हालांकि, टिकट नहीं देने के मामले में उन्होंने कहा कि यह उनकी राजनीति का मामला है और इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। डॉ नरोत्तम मिश्रा अपने भविष्य को लेकर क्या निर्णय लेते हैं, यह वह खुद ही जानते हैं। कंप्यूटर बाबा ने उन्हें समझदार और बुद्धिमान बताया।
दतिया विधायक के चुनाव निरस्त करने की मांग पर प्रतिक्रिया
दतिया से कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह के चुनाव को निरस्त करने की मांग को लेकर दायर चुनाव याचिका पर भी कंप्यूटर बाबा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने गलत किया है और वास्तव में कोई जानकारी छिपाई है, तो उन्हें उसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। चाहे वह बीजेपी का हो या कांग्रेस का, गलत करने पर कार्रवाई होनी चाहिए।
उज्जैन उपद्रव पर भी दिया बयान
उज्जैन उपद्रव मामले पर कंप्यूटर बाबा ने कहा कि यदि लोगों ने उपद्रव किया है और नियमावली का उल्लंघन हुआ है, तो उसका परिणाम मिलना चाहिए। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार से अनुरोध किया कि यदि कोई गलत काम कर रहा है, तो उसके खिलाफ न्यायसंगत कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रेमानंद जी महाराज के शिष्य की मौत की जांच की मांग
संत प्रेमानंद जी महाराज के शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कंप्यूटर बाबा ने जांच की मांग की है। उनका कहना है कि देश-दुनिया में ख्याति प्राप्त परम पूज्य प्रेमानंद जी महाराज के यहां उनके शिष्य के साथ ऐसा कृत्य होना गंभीर बात है। यह सोची-समझी चाल भी हो सकती है, इसलिए मौत कैसे हुई, इसकी जांच होना जरूरी है। कंप्यूटर बाबा ने कहा कि संत समाज चाहता है कि पूरे मामले की जांच हो। उन्होंने पूज्य महाराज श्री से भी जांच की मांग उठाने का अनुरोध करने की बात कही, ताकि किसी के मन में कोई शंका न रहे और सनातन की रक्षा होती रहे। उनके मुताबिक, परिजन भी जांच की मांग कर रहे हैं। चाहे परिजन हों, संत हों या आम व्यक्ति, जांच होने से सच्चाई सामने आएगी और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।
दिग्विजय की ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ पर कही ये बात
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित यात्रा को लेकर कंप्यूटर बाबा ने कहा कि संत समाज उन्हें धन्यवाद देता है कि उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि 80 साल की उम्र में दिग्विजय सिंह पैदल यात्रा पर निकल रहे हैं और उन्होंने इसका नाम ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ रखा है। कंप्यूटर बाबा के मुताबिक, उनकी दिग्विजय सिंह से चर्चा हुई है और उन्होंने इस पहल के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। बाबा ने इस यात्रा को गैर-राजनीतिक बताते हुए जनता, साधु-संतों और राजनीतिक लोगों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


