कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में 21 साल की युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर सालों तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को बताया है कि जब वह नाबालिग थी, तभी से आरोपी उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। अब शादी की बात आने पर इनकार कर दिया और मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल, मामला मुरार थाना क्षेत्र के खुरेरी इलाके का है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2020 में वह अपनी बहन और जीजा के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाले विकास नरवरिया से हुई। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर लागतार उसका शोषण करता रहा। पीड़िता के अनुसार, बालिग होने के बाद उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें: ‘दूसरे लड़के से बात करती थी पत्नी’! मायके में फांसी पर लटकी मिली लाश, पति के बयान से उलझी मिस्ट्री
युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और धमकियां भी दी गईं। इसके चलते उसने मुरार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत में बताए गए घटनाक्रम के मुताबिक शुरुआती घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी। इसलिए मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।

