हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में बच्चों के खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। सिंगापुर टाउनशिप स्थित राधाकुंज और सिंगापुर ग्रीन व्यू कॉलोनी के बीच सरकारी गार्डन को लेकर हुआ विवाद अब पुलिस और रहवासियों के आमने-सामने आने की वजह बन गया है।

राधाकुंज कॉलोनी के रहवासियों का आरोप है कि 15 जून की शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच सरकारी गार्डन में बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि अनूप कुमार मिश्रा, आरती मिश्रा, रोहन कुशवाहा और मोहित ने बच्चों को गार्डन में जाने से रोका। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद प्रदीप, पंकज, जितेंद्र और प्रवीण समेत अन्य रहवासी शिकायत लेकर लसूड़िया थाने पहुंचे। लेकिन यहां से शुरू हुई उनकी परेशानी की कहानी।

8 बजे हुआ था विवाद, FIR हुई रात 2 बजे

रहवासियों का आरोप है कि शाम 8 बजे हुए विवाद की शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्हें रात 2 बजे तक थाने में बैठाकर रखा गया। इस दौरान महिलाओं और छोटे बच्चों को भी घंटों थाने में इंतजार करना पड़ा। रहवासियों का कहना है कि जिस मामले की रिपोर्ट कुछ ही मिनटों में दर्ज हो सकती थी, उसके लिए पूरी रात उन्हें थाने में बैठाकर रखा गया। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर महिलाओं और मासूम बच्चों को देर रात तक थाने में क्यों रोका गया? राधाकुंज कॉलोनी के लोगों ने आरोप लगाया है कि अनूप मिश्रा के परिवार का एक सदस्य पुलिस विभाग में पदस्थ है, जिसके चलते मामले में एकतरफा रवैया अपनाया जा रहा है।

रातभर थाने में भटकते रहे रहवासी!

रहवासियों का दावा है कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा और लगातार उन्हें दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है। आरोप यहीं खत्म नहीं होते। रहवासियों के मुताबिक, अगले दिन 16 जून को उन्हें फोन कर सब इंस्पेक्टर सोमनाथ मौर्य ने बुलाया। पहले थाने बुलाया गया, फिर लोहामंडी पहुंचने को कहा गया। जब लोग वहां पहुंचे तो संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं मिले। इसके बाद निपानिया के पास चेकिंग पॉइंट पर बुलाया गया। रहवासियों का आरोप है कि उन्हें पूरे दिन और देर रात तक एक स्थान से दूसरे स्थान भटकाया गया। महिलाएं और बच्चे भी उनके साथ रहे, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई।

सब इंस्पेक्टर ने महिलाओं को लेकर दिया ये बयान

लोगों का कहना है कि ऐसा लग रहा था जैसे उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा हो। सबसे गंभीर आरोप सब इंस्पेक्टर की कथित भाषा को लेकर लगाए गए हैं। रहवासियों का दावा है कि जब उन्होंने महिलाओं और बच्चों की परेशानी का जिक्र किया तो जवाब मिला, “क्या घर की महिलाओं को यहां दिखाने के लिए लाए हो?”यदि यह आरोप सही हैं तो सवाल केवल एक विवाद का नहीं, बल्कि पुलिस के व्यवहार और संवेदनशीलता का भी है। आखिर शिकायत लेकर पहुंचे लोगों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया? क्या वाकई किसी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में कार्रवाई हो रही है या फिर यह केवल आरोप हैं?

FIR दर्ज, जांच जारी

अब राधाकुंज कॉलोनी के रहवासी बड़ी संख्या में लसूड़िया थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से पूरे मामले की शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस कमिश्नर तक अपनी बात पहुंचाएंगे। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हुआ था दोनों पक्षों की तरफ से एफआईआर दर्ज कर ली गई है मामले की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m