हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के होलकर स्टेडियम में आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच T20 का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। दर्शकों को शाम 4 बजे से स्टेडियम में एंट्री मिलेगी। दर्शक मैदान के अंदर पानी की बोतल, सिक्के नहीं ले जा सकेंगे। वहीं सुरक्षा को देखते हुए होल्कर स्डेटियम के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।
1500 से ज्यादा जवान तैनात
भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले T20 मुकाबले से पहले पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के आसपास से लेकर मैदान के अंदर तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अपराधियों की पहचान करने के लिए फेस डिटेक्शन कैमरों की मदद ली जा रही है। वहीं, खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए ड्रेसिंग रूम के पास थ्री-लेयर सिक्योरिटी व्यवस्था की गई है। मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि मैदान में जाली कूदकर प्रवेश करने वाले दर्शकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया जाएगा और उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी।
हर एंट्री-एग्जिट गेट पर फेस डिटेक्शन कैमरों से निगरानी
मैच के दौरान स्टेडियम में प्रवेश करने वाले और बाहर निकलने वाले लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके लिए एंट्री और एग्जिट पॉइंट सहित स्टेडियम के सभी प्रमुख गेटों पर फेस डिटेक्शन कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी।पुलिस का फोकस आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्ध लोगों की पहचान करने पर रहेगा। कैमरों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।यानी स्टेडियम में सिर्फ दर्शकों की भीड़ को नियंत्रित करना ही पुलिस की चुनौती नहीं होगी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना भी प्राथमिकता रहेगी।
मैदान में जाली कूदकर पहुंचे तो सीधे थाने!
पुलिस ने क्रिकेट प्रेमियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि मैच के दौरान उत्साह में आकर मैदान में घुसने की कोशिश भारी पड़ सकती है। स्टेडियम की जाली कूदकर मैदान में प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, ऐसे लोगों को पकड़कर थाने ले जाया जाएगा और उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को नियम तोड़ने पर बख्शा नहीं जाएगा।
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा टी20 कब और कहां खेला जाएगा?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला रविवार, 11 अक्टूबर को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 6:30 बजे होगा।
IND vs WI 3rd T20I: टीवी पर कहां देखें लाइव मैच?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी20 मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। टीवी पर मैच देखने वाले दर्शक संबंधित स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर मुकाबले का सीधा प्रसारण देख सकते हैं।
मोबाइल पर कैसे देखें भारत-वेस्टइंडीज मैच की लाइव स्ट्रीमिंग?
जो दर्शक मोबाइल या अन्य डिजिटल डिवाइस पर मैच देखना चाहते हैं, वे जियोहॉटस्टार ऐप पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। इसके लिए प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध प्रसारण और सब्सक्रिप्शन संबंधी शर्तें लागू हो सकती हैं।
सीरीज में बढ़त बनाने पर दोनों टीमों की नजर
पहले मैच में भारत ने आठ विकेट से जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की। अब तीसरे टी20 में दोनों टीमों के लिए जीत अहम होगी। इंदौर में होने वाले इस मुकाबले के बाद सीरीज में एक टीम 2-1 से आगे हो जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

