चंकी बाजपेयी, इंदौर। शहर के ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी मर्डर केस में भले ही परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला हो, लेकिन इस बीच राजा के खास दोस्त ने अपना जन्मदिन मनाने के दो दिन बाद जान दे दी। उनका परिवार आत्महत्या के कारणों को लेकर संशय में है। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का है।

अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक, मृतक अर्पित पिता राजू चौहान (34) निवासी अरिहंत नगर है। जानकारी के अनुसार शिलांग में जिस राजा रघुवंशी की हत्या हुई थी, उसका ट्रांसपोर्ट का कामकाज था। उसकी कई चार पहिया गाडियां शहर के ढक्कनवाला कुंआ स्थित एलन करियर इंस्टीट्यूट में अटैंच थीं। राजा की मौत के बाद से उनका खास दोस्त अर्पित चौहान ट्रांसर्पोटेशन का काम संभाल रहा था।

30 सितंबर को मनाया था जन्मदिन

अर्पित के परिवार में पत्नी और तीन साल की बेटी है। वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई अभिषेक चौहान भी उसके साथ ट्रांसर्पोटेशन का काम संभालता था। 30 सितंबर को अर्पित चौहान ने अपना जन्मदिन मनाया था। शुक्रवार सुबह उसने 10.49 बजे ‘नियंत्रण बहुत जरूरी है अगर आमदनी कम हो तो खर्चों पर और जानकारी कम तो शब्दों पर’ यह लिखा हुआ स्टेटस डालने के बाद करीब 11 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन जल्द ही परिवार के लोगों से पूछताछ कर आगे की जांच की दिशा तय की जाएगी। फिलहाल अन्नपूर्णा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m