RCB vs GT IPL Final Match 2026: मध्य प्रदेश के रहने वाले खिलाड़ी रजत पाटीदार ने एक बार फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आईपीएल की ट्रॉफी दिलाई है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मैच में आरसीबी की टीम ने शुभमन गिल की सेना गुजरात टाइटन्स को पटखनी दी। RCB ने GT को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार IPL की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। इसी के साथ रजत पाटीदार, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के लीजेंड्री क्लब में शामिल हो गए हैं।
रजत ने दोहराया धोनी-रोहित का करिश्मा
RCB कप्तान रजत पाटीदार ने एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसा करिश्मा दोहराया है। उन्होंने दूसरी बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल का खिताब जिताया। इसी के साथ वे धोनी-रोहित के लीजेंड्री क्लब में शामिल हो गए है। दरअसल, आईपीएल के इतिहास में धोनी और रोहित दोनों ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जीती है।

158 रन का टारगेट, विराट कोहली बने हीरो
आपको बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। गुजरात टाइटन्स की टीम ने पहली इनिंग में 20 ओवर में 155 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। वहीं RCB के गेंदबाज रसिख सलाम डार ने तीन, भुवनेश्वर कुमार और हेजलवुड ने दो-दो विकेट झटके। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने शानदार शुरुआत की। विराट कोहली 42 गेंदों पर शानदार 75 रन बनाए।
रजत पाटीदार का IPL 2026 में प्रदर्शन
रजत पाटीदार ने 15 मैचों में 41.75 की औसत से 501 रन बनाए हैं। IPL 2026 में उन्होंने 42 छक्के और 30 चौके लगाए हैं।

1 जून को जन्मदिन, बर्थडे पर RCB फैंस को जीत का गिफ्ट
रजत पाटीदार ने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले (31 मई को) RCB को दूसरी ट्रॉफी दिलाई। यानी बर्थडे पर उन्होंने RCB फैंस को ट्रॉफी वाला रिटर्न गिफ्ट दिया। आपको बता दें कि रजत पाटीदार का जन्म 1 जून 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था।
कप्तानी में पहले ही सीजन दिलाई ट्रॉफी
साल 2025 यानी IPL के 18वें सीजन में रजत पाटीदार ने पहली बार कप्तानी की और 9 साल बाद रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरु को फाइनल में पहुंचाया था। इतना ही नहीं उन्होंने RCB के 18 सालों का सूखा भी खत्म किया और पंजाब को हराकर पहली बार RCB को IPL की ट्रॉफी दिलाई थी। 18वें सीजन में पाटीदार ने बतौर कप्तान 12 में से 9 मैचों में टीम को जीत दिलाई थी।

ओवरऑल IPL में कप्तानी का रिकॉर्ड
रजत ने IPL में 27 मैचों में कप्तानी की है। जिसमें 19 मैचों में टीम को जीत दिलाई। 70 प्रतिशत सक्सेस रेट रहा। वहीं 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा।
आईपीएल और घरेलू क्रिकेट करियर
घरेलू क्रिकेट में रजत पाटीदार मध्य प्रदेश के कप्तान हैं। फर्स्ट क्लास के 77 मैचों में वो 44.07 की औसत से कुल 5509 रन बना चुके हैं, जिनमें 16 शतक और 27 अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट ए के 67 मैचों में 4 शतक और 13 अर्धशतक के साथ 2278 रन दर्ज हैं। टी20 के 99 मैचों में 2919 रन कर चुके हैं, जिनमें 1 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं।


