हेमंत शर्मा, इंदौर। World Poha Day: मध्य प्रदेश के इंदौर में वर्ल्ड पोहा डे के मौके पर एक ऐसा आयोजन हुआ, जहां एक साथ 1000 से ज्यादा लोगों ने पोहे का स्वाद लिया। इतना ही नहीं, पोहे की 100 अलग-अलग वैरायटी भी प्रदर्शित की गईं। इस अनोखे आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी जगह मिली है।

भारत के सबसे पसंदीदा नाश्तों में शामिल पोहे को समर्पित ‘वर्ल्ड पोहा डे’ पर इंदौर में भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पोहे की 100 अनोखी वैरायटी पेश की गईं। इन व्यंजनों ने पोहे की विविधता, स्वाद और भारतीय खानपान में उसकी अहमियत को दर्शाया। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा एक साथ 1000 से ज्यादा लोगों का पोहा खाना। शहर के लोगों, फूड लवर्स और विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने एक साथ बैठकर पोहे का स्वाद लिया।

ये भी पढ़ें: इंदौर से लैटिन अमेरिका तक व्यापार का नया अध्याय: CM डॉ. मोहन यादव ने गिनाईं मध्य प्रदेश की ताकतें, निवेशकों को दिया बड़ा न्योता

प्रसिद्ध शेफ भी हुए शामिल

इसी उपलब्धि के साथ आयोजन ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया। आयोजन में इंदौर के प्रसिद्ध शेफ राजू भैया की भी विशेष भूमिका रही। उन्होंने पोहे की कई पारंपरिक और नई रेसिपी प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में सिर्फ खाने का ही नहीं, बल्कि मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम था। जुम्बा, गेम्स और ऑनलाइन प्रतियोगिताओं के जरिए लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

स्वाद का ही नहीं बल्कि पहचान का भी रिश्ता

गौरतलब है कि इंदौर को देश की पोहा राजधानी माना जाता है, इसलिए वर्ल्ड पोहा डे का यह विशेष आयोजन इसी शहर में किया गया। 100 तरह के पोहे, 1000 से ज्यादा लोगों की भागीदारी और विश्व रिकॉर्ड की उपलब्धि… वर्ल्ड पोहा डे पर इंदौर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पोहे से उसका रिश्ता सिर्फ स्वाद का नहीं, बल्कि पहचान का भी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m