कुमार इंदर, जबलपुर। एमपी के जबलपुर से इस वक्त की एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है रही है। संस्कारधानी में अब स्कूली छात्र भी सुरक्षित नहीं हैं। जहां के गढ़ा थाना इलाके में दिनदहाड़े स्कूली छात्रों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दरअसल, ये खौफनाक तस्वीरें जबलपुर के शारदा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास की हैं। जहां आधा दर्जन यानी करीब 6 बदमाशों ने दो स्कूली छात्रों को घेरकर पहले उन्हें बेरहमी से पीटा और फिर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सरेराह हुई इस गुंडागर्दी को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। पूरी वारदात पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी छात्र, पीड़ित छात्रों को घेरकर उन पर हमला कर रहे हैं।

क्यों किया हमला ?

आखिर इस जानलेवा हमले की वजह क्या थी? पुलिस के मुताबिक, पूरा विवाद स्कूल में एक मोबाइल गुमने को लेकर शुरू हुआ था। हमला करने वाले आरोपी भी पीड़ित छात्रों के स्कूल के ही साथी बताए जा रहे हैं। घटनाक्रम: कुछ इस प्रकार है।

बाहर मिलने के बहाने बुलाया और…

​स्कूल में एक छात्र का मोबाइल गायब हुआ, इसी बात पर पीड़ित छात्रा ने अपने एक साथी पर मोबाइल छुपाने को लेकर आशंका जाहिर की। पीड़ित ने अपने साथी के घर जाकर भी मोबाइल देखा इसी बात से खफा उसके साथी ने उसे मारने का प्लान बनाया और फिर अपने साथियों के साथ उसे बाहर मिलने के बहाने बुलाकर उसे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

दो छात्र घायल

इस हमले में छायांक यादव और भविष्य विश्वकर्मा नाम के दो छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

बच्चों की मानसिकता पर बड़ा सवालिया निशान

मोबाइल गुमने जैसी मामूली बात पर अपने ही सहपाठियों पर इस तरह जानलेवा हमला करना, आज के युवाओं और स्कूली बच्चों की मानसिकता पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m