हिसार सांसद जयप्रकाश ने कैथल में शहीद नरेंद्र संधु की प्रतिमा अनावरण के दौरान भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने महिला आरक्षण और बंगाल-असम चुनाव परिणामों को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
सूबे सिंह मोर, कैथल। हिसार से सांसद जयप्रकाश (जेपी) ने कैथल के गांव रोहेड़ा में शहीद नरेंद्र संधु की प्रतिमा अनावरण समारोह में शिरकत की। इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद ने देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए दावा किया कि केरल में कांग्रेस की सरकार बनेगी और तमिलनाडु में डीएमके गठबंधन की बड़ी जीत होगी। सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब सत्ता परिवर्तन के मूड में है और विपक्षी गठबंधन की मजबूती से सत्ताधारी दल में घबराहट साफ देखी जा सकती है।
वोट चोरी और परिसीमन पर उठाए गंभीर सवाल
असम और बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए जयप्रकाश ने भाजपा पर लोकतंत्र के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि असम में परिसीमन की आड़ में वोट काटकर जनादेश को प्रभावित किया गया है। पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने ममता बनर्जी द्वारा जारी किए गए भवानीपुर और कोलकाता के स्ट्रांग रूम वीडियो का हवाला दिया और भाजपा को ‘वोट चोर’ करार दिया। जेपी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हरियाणा में भी पहले वोट चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और अब जनता को आगामी चुनावों में बहुत चौकन्ना रहने की जरूरत है।
महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा को घेरा
सांसद जयप्रकाश ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भी केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस बिल के खिलाफ नहीं है, बल्कि भाजपा इसे लागू करने में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जानबूझकर इसमें 2026 की जनगणना और 2030 तक लागू होने का प्रावधान जोड़ा है, जबकि कांग्रेस चाहती है कि इसे तुरंत प्रभावी किया जाए। जेपी ने तर्क दिया कि सत्ताधारी दल अपनी मर्जी से लोकसभा सीटें बढ़ाने का प्रयास कर रहा है जो लोकतंत्र के मूल ढांचे के विरुद्ध है। उन्होंने अंत में कहा कि जनता को सत्ता के इन हथकंडों के प्रति जागरूक रहना होगा।

