शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। गैस कंपनियों ने आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी (e-KYC) को लेकर अभियान तेज कर दिया है। उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजकर 16 अगस्त से पहले बायोमेट्रिक केवाईसी कराने की अपील की जा रही है। निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
MP में करीब 1.37 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता
मध्य प्रदेश में करीब 1.37 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से 39.48 लाख उपभोक्ताओं का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है, जो कुल उपभोक्ताओं का लगभग 22.21 प्रतिशत है। गैस कंपनियां अब शेष उपभोक्ताओं का सत्यापन जल्द से जल्द पूरा कराने में जुटी हैं।
राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां 7.55 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता
राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां 7.55 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब 1.94 लाख उपभोक्ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे उपभोक्ताओं को लगातार मोबाइल एसएमएस और अन्य माध्यमों से सूचना भेजी जा रही है। गैस एजेंसियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी लंबित है, उन्हें अपने नजदीकी गैस एजेंसी कार्यालय पर जाकर आधार कार्ड के साथ बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य वास्तविक लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करना, फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाना और सरकारी सब्सिडी का लाभ सही पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से की अपील
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें। अंतिम दिनों में एजेंसियों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यदि किसी उपभोक्ता को केवाईसी से संबंधित एसएमएस प्राप्त हुआ है, तो उसे इसे गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन कराना चाहिए। इससे गैस सिलेंडर की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी और भविष्य में भी एलपीजी सेवा का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


