तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले से अंधविश्वास की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जहां ‘भूत-प्रेत’ का साया बताकर एक महिला के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दी गईं। ग्राम मझगवां में एक महिला की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने इसे बीमारी न मानकर ‘प्रेत बाधा’ समझ लिया। इसी अंधविश्वास के चलते झाड़फूंक के नाम पर महिला को उसके ही रिश्तेदारों ने बुरी तरह पीट डाला।
यह पूरा मामला अमरपाटन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित महिला के पति रामफल लोनी की शिकायत के मुताबिक, गया लोनी नाम के व्यक्ति ने इलाज का दावा किया और 29 मार्च की सुबह करीब 11 बजे अपने घर बुलाकर महिला को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि सत्यम लोनी और बिटिला लोनी भी मौके पर पहुंचे और महिला को पकड़कर उसके साथ जमकर मारपीट की। महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे रामकांत और रामजस ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
ये भी पढ़ें: बाथरूम में स्पाई कैमरा: सफाई कर्मचारी ने लगाया था डिवाइस, मोबाइल में मिले कई वीडियो
इस घटना में महिला के हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपाटन में कराया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी परिवार में हाल ही में हुई एक मौत के बाद ‘भटकती आत्मा’ की अफवाह फैली थी और इसी अंधविश्वास के चलते महिला को निशाना बनाया गया। इस मामले में विजय सिंह परस्ते ने बताया कि शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

