पवन राय, मंडला। मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व से वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। कभी विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुका कान्हा का गौरव, हार्ड ग्राउंड बारहसिंगा, अब नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। कान्हा में बारहसिंगा की आबादी 1100 के पार पहुंच चुकी है, वहीं इस सीजन में अब तक 51 नन्हे बारहसिंगा जन्म ले चुके हैं। वन विभाग के संरक्षण प्रयासों से इस दुर्लभ प्रजाति को नया जीवन मिल रहा है।

मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व में बारहसिंगा की बढ़ती संख्या वन्यजीव संरक्षण की एक अहम उपलब्धि बनकर सामने आई है। कान्हा प्रबंधन के मुताबिक, कान्हा टाइगर रिजर्व में बारहसिंगा की आबादी 1100 के आंकड़े को पार कर चुकी है। इस सीजन में अब तक 51 नवजात बारहसिंगा जन्म ले चुके हैं। बारहसिंगा एक समय विलुप्ति के बेहद करीब पहुंच गया था। ऐसे में वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों ने इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए। बेहतर निगरानी और वैज्ञानिक संरक्षण का ही नतीजा है कि अब इनकी आबादी में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

प्रजनन का दौर आगे भी जारी रहेगा

कान्हा टाइगर रिजर्व में नन्हे बारहसिंगा के जन्म के साथ ही वन विभाग की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। जन्म के शुरुआती दिनों में ये बेहद संवेदनशील होते हैं, इसलिए वन विभाग की टीम इनकी गतिविधियों और सुरक्षा पर लगातार नजर रखती है। प्रबंधन के अनुसार, प्रजनन का यह दौर आगे भी जारी रहने की उम्मीद है, जिससे इनकी संख्या में और इजाफा हो सकता है। खास बात यह है कि कान्हा में संरक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि इस दुर्लभ प्रजाति को दूसरे जंगलों में भी बसाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कान्हा से सतपुड़ा भेजे गए बारहसिंगा की आबादी वहां भी बढ़कर करीब 300 तक पहुंचने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा एक अन्य स्थान पर भी इनकी नई आबादी स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।

वन्यजीव संरक्षण की भाषा में इसे मेटा-पॉपुलेशन की रणनीति कहा जाता है। इसका उद्देश्य एक ही क्षेत्र पर निर्भरता कम करते हुए अलग-अलग संरक्षित क्षेत्रों में बारहसिंगा की आबादी विकसित करना है, ताकि किसी एक स्थान पर संकट आने की स्थिति में भी इस दुर्लभ प्रजाति का अस्तित्व सुरक्षित रह सके। कान्हा में बढ़ते नन्हे बारहसिंगा और दूसरे संरक्षित क्षेत्रों में इनकी बढ़ती आबादी इस बात का संकेत है कि वैज्ञानिक संरक्षण के प्रयास सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m