MP Weather Update : संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से बारिश का संकट गहराने लगा है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। पिछले 13 दिनों से व्यापक बारिश नहीं होने के कारण 39 जिलों में वर्षा सामान्य से कम रही है। अब तक 268.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस समय तक 323.2 मिमी होनी चाहिए थी। किसानों ने खरीफ की फसल की बुवाई कर दी है, लेकिन लंबे समय से बारिश नहीं होने से उनकी चिंताएं बढ़ने लगी है।
इन जिलों में अलर्ट
प्रदेश के 39 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और सागर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। लगातार कम बारिश से खेतों में नमी घट रही है और सिंचाई की जरूरत बढ़ने लगी है। देवास में सामान्य से 102 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है, जबकि आलीराजपुर में सबसे कम, करीब 74 फीसद कम वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई के आखिरी सप्ताह में मजबूत मानसूनी तंत्र सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश में अच्छी बारिश होने और वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है। जुलाई के शुरुआती दिनों में हुई अच्छी बारिश से स्थिति संबंधित दिख रही थी, लेकिन पिछले करीब 2 सप्ताह से तेज बारिश का दौर थम गया कई जिलों में केवल हल्की बूंदाबांदी ही हो रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


