मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक, न्यायिक और आम जनता से जुड़ी कई बड़ी गतिविधियां होने जा रही हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैठकों और भूमिपूजन कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे, वहीं दिवाली और छठ पूजा के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का ऐलान किया है। दूसरी ओर जबलपुर हाईकोर्ट में आज अधिकारियों और चर्चित मामलों पर अहम सुनवाई होनी है। जानिए आज की मुख्य खबरें:
CM डॉ. मोहन यादव के आज के प्रमुख कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10.55 बजे मंत्रालय में कई महत्वपूर्ण बैठकें लेंगे।
सड़क भूमिपूजन: सुबह 11.15 बजे वीसी के माध्यम से हाटपिपलिया की राजोदा-कैलोद-डबलचौकी सड़क का भूमिपूजन करेंगे।
स्थापना दिवस की तैयारी: मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के भव्य आयोजन को लेकर मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
रीवा कृषि महोत्सव: दोपहर 2 बजे मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए रीवा में आयोजित ‘कृषि महोत्सव’ में शामिल होंगे।
प्रतिमा अनावरण: शाम को गोविंदपुरा स्थित बालाजी परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
दिवाली और छठ पर रेलवे चलाएगी 10 राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। भोपाल मंडल से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे एमपी के करीब 30 स्टेशन जुड़ेंगे। सुल्तानपुर-वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली स्पेशल ट्रेनें बीना, रानी कमलापति और इटारसी स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। दोनों दिशाओं में इन ट्रेनों के 4-4 फेरे होंगे, जिससे भोपाल मंडल के यात्रियों को मुंबई के लिए 16 अतिरिक्त एकतरफा फेरे का लाभ मिलेगा।
MP के 2 IAS अधिकारियों पर HC की गाज
अदालती आदेश की अवहेलना और लापरवाही के मामले में जबलपुर हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद आज 21 सितंबर को दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कोर्ट में पेश होंगे। तत्कालीन प्रमुख सचिव (राजस्व) विवेक पोरवाल और तत्कालीन सागर कलेक्टर संदीप जीआर के खिलाफ हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। अदालत ने दोनों अधिकारियों को आज व्यक्तिगत रूप से कोर्ट के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए थे।
निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की याचिका पर HC में सुनवाई
जमीन सौदा मामले में दर्ज एफआईआर को रद्द कराने के लिए निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की याचिका पर आज जबलपुर हाईकोर्ट के जस्टिस हिमांशु जोशी की सिंगल बेंच में सुनवाई होगी। इससे पहले अदालत ने उन्हें कोई अंतरिम राहत नहीं दी है। राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया था कि अधिकारी जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं और उनके विदेश भागने की आशंका के चलते लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा रहा है। वहीं नेहा के वकीलों का तर्क है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।
ट्विशा शर्मा मौत मामले में फैसला आज
राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी गिरीबाला सिंह की जमानत याचिका पर आज जबलपुर हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। आज अदालत इस मामले में जमानत को लेकर अपना बड़ा फैसला सुना सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



