भोपाल। आज मंगलवार को मध्य प्रदेश में कई बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और स्थानीय गतिविधियां सुर्खियों में हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज के व्यस्त कार्यक्रम, मोहन कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक, इंदौर में कांग्रेस की जनसंघर्ष महारैली और भोपाल में सुरक्षा व ट्रैफिक से जुड़े बड़े फैसले आज की मुख्य खबरें हैं। आइए एक नजर डालते हैं प्रदेश की आज की प्रमुख गतिविधियों पर:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज के कार्यक्रम और कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10:45 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे उनकी अध्यक्षता में मंत्रालय में महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित होगी, जिसमें ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और आगामी 1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस को लेकर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से सीसीआईपी की बैठक होगी और दोपहर 2:45 बजे वे जबलपुर के बलराम कृषि महोत्सव को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। दोपहर 4 बजे मुख्यमंत्री ओरिएंटल कॉलेज, भोपाल पहुंचकर छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम को स्थानीय कार्यक्रमों के बाद अपने निवास लौटेंगे।
इंदौर में कांग्रेस की ‘जनसंघर्ष महारैली’ आज
इंदौर में आज शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में एक विशाल ‘जनसंघर्ष महारैली’ निकाली जाएगी। यह रैली सुबह 11 बजे गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कलेक्टोरेट तक पहुंचेगी। कांग्रेस पार्टी ‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारों के साथ सरकारों की नीतियों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराएगी।
भोपाल में मेट्रो निर्माण के चलते आज से ट्रैफिक डायवर्जन लागू
राजधानी भोपाल में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते आज से ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव किया गया है। आईटीआइ (ITI) तिराहे से पिपलानी पेट्रोल पंप तिराहे तक यातायात मार्ग बदला गया है, जो आगामी 17 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। प्रभात चौराहे से जेके रोड और मिनाल जाने वाले वाहनों को गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया से गुजरना होगा, जबकि गोविंदपुरा और अवधपुरी जाने वाले हल्के वाहन हेमा स्कूल तिराहे से निकलेंगे।
खतरनाक ‘कार्बाइड गन’ पर पूरी तरह प्रतिबंध
आगामी दीपावली और त्योहारों के मद्देनजर भोपाल पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खतरनाक कार्बाइड गन, कार्बाइड तोप और कार्बाइड लैंप जैसे उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। बीएनएसएस (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी यह आदेश अगले दो महीने तक लागू रहेगा और इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के नियमितीकरण मामले पर हाईकोर्ट में आज होगी सुनवाई
संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के नियमितीकरण से जुड़े आदेश को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा दी गई चुनौती के मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। जस्टिस संजय द्विवेदी की एकल पीठ के 12 सितंबर 2024 के उस आदेश के खिलाफ सरकार ने रिट अपील दायर की है, जिसमें कर्मचारियों को पहली नियुक्ति की तिथि से नियमितीकरण का लाभ देने के निर्देश दिए गए थे। आज इस विषय से जुड़े 27 से अधिक प्रकरणों पर सुनवाई होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

