भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से आज की सुबह राजनीति, प्रशासन और संस्कृति से जुड़ी तीन बड़ी खबरें लेकर आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बैठकों के मैराथन दौर में शामिल होंगे, तो वहीं पुलिस भर्ती में जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसके अलावा, प्रदेश को तीन नए सांस्कृतिक लोक मिलने जा रहे हैं।
बैठकों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री मोहन, बैक-टू-बैक मीटिंग्स से तय होगा मप्र का रोडमैप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंत्रालय में बेहद व्यस्त रहने वाले हैं। वे सुबह 10:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे, जिसके बाद बैठकों का सिलसिला शुरू होगा:
सुबह 11:00 बजे: नर्मदा परियोजना की समीक्षा बैठक।
दोपहर 12:30 बजे: प्रदेश में संभावित अल्पवर्षा की स्थिति से निपटने और तैयारियों को लेकर अहम बैठक।
दोपहर 02:00 बजे: ‘नर्मदा समग्र’ को लेकर चर्चा।
दोपहर 03:00 बजे: विभिन्न विभागीय निर्देशों के क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा।
MP में सजेंगे 3 और ‘लोक’; अमरकंटक में नर्मदा लोक तो धार में बनेगा ‘सरस्वती लोक’
मध्य प्रदेश सरकार उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर प्रदेश में तीन नए सांस्कृतिक प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करने जा रही है। गुरुवार को संस्कृति विभाग मुख्यमंत्री के सामने इसका ब्लूप्रिंट पेश करेगा। सरकार का लक्ष्य इन्हें सिंहस्थ 2028 से पहले पूरा करने का है:
नर्मदा लोक (अमरकंटक): देश की सबसे पवित्र नदियों में से एक नर्मदा के उद्गम स्थल पर भव्य ‘नर्मदा लोक’ का निर्माण होगा।
सरस्वती लोक (धार): भोजशाला मामले के बाद चर्चा में आए धार जिले में मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक ‘सरस्वती लोक’ की रूपरेखा रखी जाएगी।
विशाल म्यूजियम (सांची): सांची में बिखरे पड़े बौद्ध और ऐतिहासिक पुरातात्विक अवशेषों को सहेजने के लिए एक भव्य म्यूजियम की योजना है।
पुलिस बैंड भर्ती में फर्जीवाड़े का खेल: 9वीं की मार्कशीट को बनाया 10वीं; आरोपी को पकड़कर पुलिस ने छोड़ा!
मध्य प्रदेश में चल रही पुलिस बैंड की 676 पदों की सीधी भर्ती प्रक्रिया के दौरान भोपाल में एक बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया है। इंदौर का रहने वाला युवक मोहम्मद अनवर फर्जी दस्तावेज लेकर भर्ती होने भोपाल पहुंचा था। उसने शातिर दिमाग लगाकर अपनी 9वीं की मार्कशीट को एडिट करके 10वीं की मार्कशीट में बदल लिया था।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
भर्ती स्टाफ ने जांच के दौरान युवक की चोरी पकड़ ली और एडीजी (SAF) के पत्र के साथ उसे जहांगीराबाद पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने इतने गंभीर मामले में जांच का हवाला देकर आरोपी युवक को छोड़ दिया, जिससे पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

