शब्बीर अहमद, Bhopal. राजधानी से सोमवार सुबह की तीन बड़ी और महत्वपूर्ण खबरें सामने आ रही हैं। भोपाल को एक तरफ जहां बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भोपाल, ग्वालियर से लेकर दिल्ली तक का व्यस्त शेड्यूल है। दूसरी तरफ, आगामी त्योहारों को लेकर हिंदू उत्सव समिति ने एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है।
भोपाल को बड़ी सौगात: कोलार के सतगढ़ी में बनेगा ‘स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क’
भोपाल को आधुनिक औद्योगिक पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। कोलार के सतगढ़ी में विकसित किए जा रहे ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क’ का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म जयंती के अवसर पर दोपहर 12 बजे यह कार्यक्रम आयोजित होगा।
रोजगार की बहार: इस इंडस्ट्रियल पार्क में गारमेंट इंडस्ट्री और बड़ी आईटी (IT) कंपनियों को जगह दी जाएगी, जिससे क्षेत्र में 20 से 25 हजार रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
देश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर: इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ दिल्ली के ‘भारत मंडपम’ की तर्ज पर देश का सबसे बड़ा आधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा।
CM डॉ. मोहन यादव का आज का शेड्यूल: भोपाल, ग्वालियर से दिल्ली तक का दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है। वे तीन शहरों के दौरों पर रहेंगे:
सुबह 09:30 बजे: भोपाल के लालघाटी चौराहे पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में शामिल होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
11:00 बजे: समत्व भवन में स्थानीय कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेंगे।
12:00 बजे: कोलार सतगढ़ी में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि पूजन करेंगे।
04:30 बजे: भोपाल से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।
05:00 बजे: ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय पहुंचकर ‘उन्नत कृषि पर संभागीय कार्यशाला’ में शामिल होंगे।
07:20 बजे: ग्वालियर से सीधे देश की राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
भगवान की मूर्तियों में AI पैटर्न का इस्तेमाल किया तो दर्ज होगी FIR
आगामी गणेश उत्सव और दुर्गा उत्सव को लेकर भोपाल की हिंदू उत्सव समिति ने मूर्तिकारों और उत्सव समितियों को सख्त चेतावनी जारी की है। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने साफ तौर पर कहा है कि भगवान की मूर्तियों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदू उत्सव समिति की चेतावनी
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा है कि मूर्तिकार भगवान की मूर्तियों में AI (Artificial Intelligence) पैटर्न का इस्तेमाल न करें। यह हमारे धर्म का मजाक उड़ाने जैसा है। सभी समितियां केवल पौराणिक और पारंपरिक प्रतिमाओं को ही पंडालों में विराजमान करें। अगर मूर्तियों के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ पाई गई, तो सीधे FIR दर्ज कराई जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

