भोपाल। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश भर में आज प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज रहने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के व्यस्त दौरों और बैठकों के शेड्यूल के साथ ही स्वास्थ्य विभाग, गृह विभाग और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में हैं। पढ़िए आज की बड़ी खबरें:

CM मोहन यादव शपथ ग्रहण, कई VC और बैठकों में होंगे शामिल

मुख्य न्यायाधीश का शपथ ग्रहण: मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे लोक भवन पहुंचकर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

गुरु रविदास जी मूर्ति स्थापना: शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की मूर्ति स्थापना समारोह में सहभागिता करेंगे।

बलराम कृषि महोत्सव: दोपहर 2:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टीकमगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में जुड़ेंगे।

समीक्षा बैठकें: दोपहर 4 बजे मंत्रालय पहुंचकर स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 की समीक्षा करेंगे। वहीं शाम 5 बजे खनिज साधन विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे।

MP के अस्पताल 1 नवंबर से होंगे पेपरलेस, मोबाइल पर मिलेगा OPD पर्चा

मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में बिहार मॉडल की तर्ज पर नया HMIS सॉफ्टवेयर लागू किया जा रहा है, जिससे 1 नवंबर से अस्पताल पूरी तरह पेपरलेस होंगे और मरीजों को मोबाइल पर ही OPD पर्चा मिलेगा।

हालांकि, जमीनी स्तर पर पर्याप्त टेबलेट और कर्मचारियों को ट्रेनिंग न मिलने के अभाव में इस व्यवस्था को इतने कम समय में लागू करने पर सवाल उठने लगे हैं।

MBBS इंटर्न पर लाठीचार्ज मामले की जांच करेंगी शिल्पा गुप्ता

भोपाल में प्रदर्शन कर रहे एमबीबीएस (MBBS) इंटर्न डॉक्टरों पर वाटर कैनन और बल प्रयोग के मामले में राज्य सरकार ने प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं। गृह विभाग ने सचिव शिल्पा गुप्ता को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। वे पूरी घटना की जांच कर एक सप्ताह के भीतर सरकार को रिपोर्ट सौंपेंगी, जिससे पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय होगी।

सागर शराब कांड में CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दिलीप कुमार को सागर संभाग आयुक्त की कमान सौंपी है, जबकि इरशाद वली को सागर रेंज का नया आईजी (IG) बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने सख्त संदेश दिया है कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m