संजय पाटीदार, भोपाल/हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक, राजनीतिक और विकास से जुड़ी कई बड़ी गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल और ग्वालियर के दौरे पर रहेंगे।

CM मोहन यादव का भोपाल-ग्वालियर दौरा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 11:00 बजे मंत्रालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर अहम बैठक लेंगे और दोपहर 12:30 बजे ‘जन विश्वास अभियान’ पोर्टल की आधिकारिक लॉन्चिंग करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:20 बजे भोपाल से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे, जहां वे वीसी के जरिए बलराम कृषि महोत्सव-श्योपुर से जुड़ेंगे और फिर ग्वालियर में प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती कार्यक्रम व प्रतिमा अनावरण में शामिल होकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे।

MP पुलिस विभाग में बंपर भर्ती

प्रदेश के युवाओं के लिए पुलिस विभाग में नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। कर्मचारी चयन मंडल  ने पुलिस विभाग में 507 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके लिए 9 सितंबर से 23 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चलेगी और 28 अक्टूबर से परीक्षाएं शुरू होंगी। भर्ती में जिला पुलिस बल के 312 पद SI, 81 पद सूबेदार और 69 पद उप निरीक्षक के शामिल हैं।

इंदौर में मेट्रो कमर्शियल रन की तैयारी, वीकेंड से शुरुआत संभव

इधर, इंदौर में मेट्रो विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक 17.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर पर कमर्शियल रन शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शनिवार या रविवार से इस नए रूट पर कमर्शियल रन शुरू होने की संभावना है। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन CMRS की NOC की वैधता खत्म होने से पहले इस 17.5 किमी लंबे रूट को शुरू करने में जुटा है।

नामांतरण घोटाले में साइबर सेल की FIR

इसके साथ ही, इंदौर नगर निगम में हुए 354 संपत्तिकर खातों के अवैध नाम परिवर्तन मामले में साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर ली है। नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच तत्कालीन उपायुक्तों की लॉगिन आईडी का गलत इस्तेमाल कर बिना अनुमति नाम बदले गए थे। इस फर्जीवाड़े में रियाज अंसारी, संजय यादव, सौरभ तिवारी, संतोष मालवीय, अजय सोलंकी और आउटसोर्स कर्मचारी सागर पंवार सहित 6 कर्मचारियों पर केस दर्ज किया गया है।

चीनी की कालाबाजारी पर MP सरकार सख्त

बाजार व्यवस्था और आम जनता के राहत के लिहाज से मध्य प्रदेश में चीनी की बढ़ती कीमतों और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने चीनी डीलरों के लिए अधिकतम 4,000 क्विंटल की स्टॉक सीमा तय की है और डीलरों को नियमित रूप से अपने स्टॉक की जानकारी शासकीय पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि यह आदेश सरकारी राशन दुकानों (FPS) पर लागू नहीं होगा।

जन्माष्टमी पर CM हाउस में 1000 बाल-कृष्ण होंगे शामिल

धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के तहत मध्य प्रदेश सरकार 4 सितंबर 2026 को पूरे प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भव्य रूप से मनाएगी। 4 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास में 1,000 से अधिक बच्चों को बाल-कृष्ण के स्वरूप में आमंत्रित किया जाएगा, जहां मटकी फोड़ और भक्ति गायन के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा प्रदेश के 81 प्रमुख कृष्ण मंदिरों में विशेष साज-सज्जा व आरती होगी और स्कूलों में बांसुरी व मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इंदौर जू में गूंजी किलकारी: शेरनी सुंदरी ने दो स्वस्थ शावकों को दिया जन्म

पर्यावरण और वन्यजीव प्रेमियों के लिए इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय से अच्छी खबर आई है, जहां शेरों का कुनबा बढ़ गया है। शेरनी ‘सुंदरी’ ने दो नए स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है, जिससे जू में शेरों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है। फिलहाल जू प्रबंधन दोनों शावकों और मां की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रख रहा है।

इंदौर में शुरू हुआ ‘TRIPLE T’ अभियान

मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने Rapid Milk Testing Kit के साथ ‘TRIPLE T’ अभियान की शुरुआत की है। इस दौरान 6 डेयरियों और 8-10 फेरीवालों के दूध के सैंपल की मौके पर ही जांच की गई। राहत की बात यह रही कि पहली जांच में किसी सैंपल में मिलावट नहीं पाई गई है और मौके पर ही जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m