संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 23 मई को सतना और सिंगरौली दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री रीवा से सतना पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर में वह सतना से सिंगरौली के लिए रवाना होंगे। सिंगरौली में मुख्यमंत्री सबसे पहले एनसीएल ग्राउंड पहुंचकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन करेंगे।
CM दोपहर 02:40 बजे भाजपा कार्यालय सिंगरौली पहुंचकर बैठक लेंगे। दोपहर 03:15 बजे मुख्यमंत्री उमंग भवन, एनटीपीसी सिंगरौली पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से राशि वितरित की जाएगी। सायं 05:30 बजे मुख्यमंत्री सूर्य गेस्ट हाउस सिंगरौली पहुंचेंगे और वहां सिंगरौली स्थापना दिवस महोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे।
MP की तीन राज्यसभा सीटों के लिए सरगर्मी हुई तेज
मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। हर सीट पर जीत के लिए कम से कम 58 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस दोनों में तैयारियां जोरों पर हैं। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस बार कमलनाथ पर बड़ा दांव खेल सकती है। वहीं भाजपा में उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन तेज हो गया है।
भाजपा एक सीट पर आदिवासी उम्मीदवार उतारने पर भी विचार कर रही है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन को एक सीट पर रिपीट किया जा सकता है। तीनों सीटों पर होने वाले चुनाव में उम्मीदवारों के नाम जल्द ही साफ होने की संभावना है। इस चुनाव को लेकर सत्ताधारी और विपक्षी दोनों दलों में रणनीति बनाने का काम अंतिम चरण में है।
ट्विशा शर्मा मौत मामला- भोपाल जिला अदालत में पेश होगा पति समर्थ सिंह
भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज महत्वपूर्ण दिन है। मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को आज भोपाल जिला अदालत में पेश किया जाएगा। जबलपुर में सरेंडर करने के बाद समर्थ सिंह को कल रात भोपाल लाया गया। आज उसे भोपाल जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस समर्थ सिंह की रिमांड की मांग कर सकती है ताकि मामले की गहन पूछताछ की जा सके। ट्विशा शर्मा की मौत मामले में समर्थ सिंह पर गंभीर आरोप हैं। आज अदालत में पेशी के बाद मामले की आगे की सुनवाई पर सभी की नजर रहेगी। पुलिस इस मामले में मजबूत सबूत जुटाने में जुटी हुई है।

