शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे।  यहां वे नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भाग लेंगे। इसमें ‘2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास’ पर फोकस रहेगा। 

बैठक में देशभर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, युवाओं के कौशल विकास को मजबूत करने और स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस बैठक में मध्य प्रदेश के विकास मॉडल और युवा-केंद्रित योजनाओं को प्रभावी ढंग से रखेंगे। नीति आयोग की इस बैठक को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

मीनाक्षी नटराजन मामले में अब सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस

भोपाल में मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने का विवाद अभी भी जारी है। चुनाव आयोग से उन्हें अब तक कोई राहत नहीं मिली है। अब कांग्रेस इस मामले को सुप्रीम कोर्ट ले जाने की तैयारी कर रही है। आज या कल में कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकती है। वरिष्ठ नेता विवेक तंखा और अभिषेक मनु सिंघवी समेत कई सीनियर वकीलों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

READ MORE: 11 जून महाकाल भस्म आरती: भांग, चंदन और रजत आभूषणों से बाबा महाकालेश्वर का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन

इसके साथ ही कांग्रेस ने राष्ट्रपति से भी मुलाकात का समय मांगा है। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष और अन्य विधायक राष्ट्रपति से मिलकर मीनाक्षी नटराजन मामले में अपना पक्ष रखेंगे। कांग्रेस ने सभी विधायकों को 12 जून को दिल्ली पहुंचने के निर्देश दे दिए हैं। मीनाक्षी नटराजन नामांकन रद्द मामले को लेकर कांग्रेस अब कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर एक साथ लड़ाई लड़ने की रणनीति बना रही है।

8 दिनों तक प्रदेश में चलेंगे कांग्रेस के धरना प्रदर्शन 

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने के फैसले से कांग्रेस में गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। पार्टी ने फैसला किया है कि पूरे प्रदेश में अगले 8 दिनों तक लगातार धरना और प्रदर्शन चलाए जाएंगे। प्रदेश भर के सभी ब्लॉक और जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस दिल्ली में भी बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। मीनाक्षी नटराजन मामले को लेकर कांग्रेस अब सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति भवन तक लड़ाई लड़ने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m