शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन मोहन यादव शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ के तीसरे संस्करण को फ्लैग ऑफ करेंगे। प्रदेश के समृद्ध और ऐतिहासिक पर्यटन को देश-दुनिया में प्रचारित करने के उद्देश्य से 25 महिला सुपर बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ के पिछले दो संस्करणों की सफलता के बाद, महिला सशक्तिकरण, स्वतंत्रता एवं विरासत का यह 7 दिवसीय आयोजन भोपाल से खजुराहो तक लगभग 1,400 किलोमीटर लंबी बाइक ट्रेल को पूरा करेगा।
13 मार्च को भोपाल में होगा समापन
भोपाल से शुरू होकर यह 7-दिन की यात्रा सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया, ओरछा और खजुराहो से होते वापस भोपाल में 13 मार्च को समाप्त होगी। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के इस कदम से राज्य की ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत को प्रमुखता देगा। साथ ही मध्य प्रदेश को महिलाओं के लिए सुरक्षित और समृद्धशाली पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जाएगा। यह अभियान कम-ज्ञात स्थलों का प्रचार करेगा, रूरल टूरिज्म सर्किट्स को मजबूत करने और राज्य भर में रिस्पॉन्सिबल ट्रैवल को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री विदिशा जिले को देंगे 163.62 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को विदिशा जिले के शमशाबाद में जिले को 163.62 करोड़ रूपये के 97 विकास कार्यों की सौगात देंगे। साथ ही प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगर प्रिंट लैब का शुभारंभ और विभिन्न योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 104.30 करोड़ की लागत के 56 निर्माण कार्यों का शिलान्यास और 59.32 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 41 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
भोपाल में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली की कवायद
नगर निगम भोपाल ने टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए मार्च महीने के सभी शनिवार और रविवार को विशेष शिविर लगाने का फैसला किया है। आज, शहर के 85 वार्डों में कुल 169 जगहों पर ये शिविर लगाए जाएंगे। इनमें वार्ड कार्यालयों के अलावा अन्य प्रमुख स्थानों पर भी कैंप लगेंगे। इससे नागरिकों को बड़ी सुविधा मिल रही है, वे अपने घर के पास ही संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार और अन्य शुल्कों का भुगतान आसानी से कर सकते हैं।
भोपाल में कुल 5.5 लाख संपत्तिकरदाता हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 2.71 लाख लोगों ने ही अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा किया है। यानी अभी भी बड़ी संख्या में बकाया बाकी है। नगर निगम का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग समय पर टैक्स जमा करें, ताकि शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

