शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश अब देश का नया ‘चिप हब’ बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है! मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे बहुप्रतीक्षित MP सेमीकंडक्टर समिट-2026 में शामिल होकर प्रदेश के सेमीकंडक्टर हब का विजन और रोडमैप पेश करेंगे। समिट के दौरान सीएम मोहन यादव करीब 50 दिग्गज कंपनियों के साथ वन-टू-वन चर्चा करेंगे।
इस समिट में चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, एडवांस पैकेजिंग और AI इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे अहम विषयों पर 8 पैनल डिस्कशन और 5 राउंडटेबल बैठकें होंगी। इंदौर-भोपाल बेल्ट को चिप हब बनाने की तैयारी के तहत IIT और IIM के डायरेक्टर्स के साथ टैलेंट डेवलपमेंट पर भी विशेष मंथन किया जाएगा। ‘सेमीकंडक्टर नीति-2025’ के जरिए एमपी में सप्लाई चेन मजबूत करने पर जोर है। साथ ही, समिट में लगी प्रदर्शनी में 50 से ज्यादा कंपनियां अपनी आधुनिक तकनीकों और चिप्स का प्रदर्शन कर रही हैं।
भोपाल के मास्टर प्लान 2047 का विरोध हुआ तेज
भोपाल के प्रस्तावित मास्टर प्लान 2047 के खिलाफ अब विरोध की आंधी और तेज हो गई है! किसानों के बाद अब भारतीय किसान संघ (BKS) भी मैदान में उतर आया है। कृषि भूमि का ‘लैंड यूज़’ बदलने के विरोध में आज BKS द्वारा टीएनसीपी (TNCP) कार्यालय का घेराव किया जाएगा। मास्टर प्लान में बड़ा तालाब कैचमेंट की भूमि को संरक्षित घोषित किए जाने और किसानों की जमीनों का लैंड यूज़ बदले जाने पर किसानों में भारी आक्रोश है। बीते कल ही 66 गांवों के किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिन्हें नीलबड़ चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया था।अब भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसान टीएनसीपी दफ्तर का घेराव कर अपनी नाराजगी दर्ज कराएंगे।
MP में मछली पालन से एक्सपोर्ट तक की तैयारी
मध्य प्रदेश अब मछली पालन से लेकर एक्सपोर्ट के मामले में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है! राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में आज ‘फिशरीज़ इन्वेस्टर्स एंड एक्सपोर्टस कॉन्क्लेव’ का भव्य आयोजन हो रहा है। सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) और केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान कुवैत की एक बड़ी कंपनी के साथ अहम समझौता (MoU) होगा। इस कॉन्क्लेव से करीब 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव और 3.5 लाख नए रोजगार मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में विशेष बायर-सेलर मीट होगी, जहां एक्सपोर्टर और ट्रेडर्स स्थानीय उत्पादकों से सीधा संवाद करेंगे। साथ ही, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री मत्स्य योजना के तहत लाभ भी वितरित किए जाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

