शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश में आईटी और टेक सेक्टर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में आज एक बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ करेंगे। सुबह 10:30 बजे भोपाल के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक और नीति विशेषज्ञ शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे और वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। कॉन्क्लेव में GCC (ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर), डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों में बड़े निवेश को आकर्षित करने की रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही मध्यप्रदेश की प्रौद्योगिकी विकास यात्रा पर एक विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।
दतिया के दंगल में आज सियासी शक्ति प्रदर्शन
दतिया उपचुनाव की सरगर्मी अब चरम पर है। आज नामांकन का अंतिम दिन है और दतिया में सियासी दंगल गरमा गया है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां आज अपने प्रत्याशियों के नामांकन में पूरी ताकत झोंकने वाली हैं। बीजेपी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी नामांकन दाखिल करेंगे उनके साथ सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहेंगे।
इधर कांग्रेस के प्रत्याशी घनश्याम सिंह आज अपना नामांकन भरेंगे। उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। सुबह 11 बजे घनश्याम सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन प्रक्रिया में शामिल होंगे। दतिया में आज दोनों प्रमुख दलों का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा, क्योंकि भाजपा के बड़े नेता भी अपने प्रत्याशी के नामांकन में पहुंच रहे हैं।
16 जुलाई को उद्योगपतियों के साथ सीएम डॉ मोहन यादव की राउंड टेबल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जुलाई को उद्योगपतियों के साथ राउंड टेबल बैठक करेंगे। इस बैठक को GIS 2027 की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है। दिल्ली में भारत टैक्स 2026 के दौरान मुख्यमंत्री प्रमुख उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। इस बैठक में एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा, भारती इंटरप्राइजेज के संस्थापक सुनील भारती मित्तल, डाबर इंडिया के चेयरमैन आनंद बर्मन समेत कई देश के प्रमुख उद्योगपति शामिल होंगे। मुख्यमंत्री टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का लक्ष्य लेकर उद्योग जगत से चर्चा करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

