शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर हैं। सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान वे भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही कई केंद्रीय मंत्रियों से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।” मुख्यमंत्री मोहन यादव भाजपा के उच्चस्तरीय नेतृत्व के साथ बैठक कर सकते हैं। दौरे के दौरान वे विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ राज्य सरकार से जुड़े अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय, विकास योजनाओं की समीक्षा और आने वाले समय की रणनीति पर फोकस रहने की संभावना है।

मध्यप्रदेश सहकारी दुग्ध संघ ने बढ़ाए दूध के दाम

मध्य प्रदेश सहकारी दुग्ध संघ ने आम उपभोक्ताओं को झटका देते हुए सांची दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। अब आधा लीटर सांची दूध 35 रुपये की जगह 36 रुपये में मिलेगा, जबकि एक लीटर पैकेट का दाम 70 रुपये से बढ़कर 72 रुपये हो गया है। नए दाम कल से लागू हो जाएंगे। संघ ने यह बढ़ोतरी उत्पादन लागत और परिवहन खर्च बढ़ने का हवाला देते हुए की है।

गौरतलब है कि ठीक पिछले साल भी मई के महीने में मध्य प्रदेश दुग्ध संघ ने दूध के दाम बढ़ाए थे। दूध के दामों में इस बढ़ोतरी से अन्य खाद्य वस्तुओं जैसे चाय, मिठाई, दही और पनीर आदि के दाम भी प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, निजी कंपनियों ने भी इसी कदम पर चलते हुए दाम बढ़ा दिए हैं। अमूल और मदर डेयरी ने भी कल से दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है।”

शादी-बरात में पटाखा फोड़ने से पहले लेनी होगी कलेक्टर की परमिशन

शादी-बारात, जन्मदिन या किसी भी तरह के आयोजन में पटाखे फोड़ने से पहले अब कलेक्टर की लिखित अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) ने इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए हैं। अब त्योहारों के अलावा किसी भी सामान्य आयोजन में बिना परमिशन पटाखे नहीं फोड़े जा सकेंगे।
NGT ने साफ कहा है कि केवल ग्रीन पटाखों को ही अनुमति दी जाएगी, जबकि पटाखों की लड़ियों (चेन क्रैकर्स) पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अगर कहीं प्रतिबंधित पटाखों का इस्तेमाल पाया गया तो संबंधित थाना प्रभारी (SHO) व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। NGT ने ऐसे मामलों को अदालत की अवमानना माना जाएगा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भोपाल मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर सुनवाई आज

भोपाल मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर आज महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। मुख्य विवाद भोपाल टॉकीज कब्रिस्तान और नारियल खेड़ा वक्फ जमीन के नीचे से मेट्रो लाइन गुजरने को लेकर है। मध्य प्रदेश राज्य वक्फ अधिकरण में दो अलग-अलग प्रकरण दायर किए गए हैं।आज की सुनवाई में वक्फ बोर्ड के समक्ष मेट्रो प्रबंधन अपना पक्ष रखेगा। मुस्लिम संगठनों की तरफ से दायर याचिका में तत्काल मेट्रो का काम रोकने की मांग की गई है। वक्फ संपत्तियों पर मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर यह विवाद अब कानूनी रूप ले चुका है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि धार्मिक स्थल के नीचे से मेट्रो का रूट पर्यावरण और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m