संजय पाटीदार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज निवाड़ी और चित्रकूट के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12:10 बजे ओरछा के प्रसिद्ध श्री रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन करेंगे, जिसके बाद होटल शीश महल में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद, दोपहर 1:45 बजे वे ओरछा से चित्रकूट के लिए रवाना होंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद शाम 4:10 बजे खजुराहो के लिए प्रस्थान करेंगे। अंत में, शाम 4:45 बजे वे विमान द्वारा भोपाल लौट आएंगे।
भोपाल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
राजधानी भोपाल में सफाई कर्मचारियों की चार दिन लंबी हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है, जिससे पिछले तीन दिनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौटने लगी है और कुछ इलाकों में कचरा उठाने का काम शुरू कर दिया गया है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को लेकर हुए इस आंदोलन के दौरान शहर की सड़कों पर करीब 2,550 टन कचरा जमा हो गया था। सरकार और प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की चार मुख्य मांगों, जिनमें वेतन बढ़ाकर 18,000 से 20,000 रुपये करने और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया है, के बाद यह हड़ताल खत्म हुई है। समझौते के तहत 25 दिवसीय सफाईकर्मी नियमितीकरण की प्रक्रिया में शामिल होंगे, जबकि 29 दिवसीय और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थायी करने की प्रक्रिया भी अगले एक महीने के भीतर शुरू कर दी जाएगी।
धनतेरस पर बाजार में जमकर बरसा धन
भोपाल में धनतेरस पर इस बार बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली, जहां कुल 1,000 करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान लगाया गया है। इस त्योहारी सीजन में ऑटोमोबाइल सेक्टर में बंपर बिक्री हुई, जिसमें करीब 2,500 कारें और 7,000 दोपहिया वाहन बिके, जिससे अकेले इस सेक्टर में 250 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। इसके अलावा, प्रॉपर्टी बाजार में 200 करोड़ रुपये के सौदे हुए, जबकि सराफा बाजार में लगभग 170 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

