शिखिल ब्योहार, भोपाल। राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक, राजनीतिक और कार्रवाई से जुड़ी कई बड़ी हलचलें देखने को मिलेंगी। एक तरफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिल्ली दौरा और राहुल गांधी के कार्यक्रम को मिली अनुमति चर्चा में है, तो दूसरी तरफ आयुर्वेदिक कॉलेज में खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे और नायब तहसीलदार भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण खबर है। पढ़िए आज सुबह की प्रमुख खबरें:
CM मोहन यादव का आज दिल्ली दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 2:00 बजे दिल्ली से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छतरपुर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में शामिल होंगे।
12 दिन के सस्पेंस के बाद राहुल गांधी के कार्यक्रम को मिली अनुमति
12 दिनों के इंतजार और सस्पेंस के बाद आखिरकार कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम को प्रशासनिक अनुमति मिल गई है। राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर के IDA मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज कांग्रेस की अहम बैठक होगी।
आयुर्वेदिक कॉलेज की कैंटीन में मिली गंदगी, 10 दिन पुरानी ब्रेड से बना रहे थे सैंडविच!
भोपाल के पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक कॉलेज की कैंटीनों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण किया, जहां बेहद खौफनाक और असुरक्षित स्थिति देखने को मिली। कैंटीन में ‘Best Before’ डेट खत्म होने के 10 दिन बाद भी ब्रेड का इस्तेमाल सैंडविच बनाने में किया जा रहा था। इसके अलावा भारी गंदगी और खाद्य सामग्री के असुरक्षित भंडारण पर दोनों कैंटीन संचालकों को सुधार नोटिस जारी किया गया है। टीम ने मौके से मटर का आटा और रिफाइंड सोयाबीन तेल के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे हैं, रिपोर्ट आने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
MP में 73 नायब तहसीलदारों की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी
मध्य प्रदेश में 73 नायब तहसीलदारों की सीधी भर्ती के लिए विभागीय परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसमें लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के 46 पद और पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग के 27 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन 17 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक भरे जा सकेंगे, जबकि आवेदनों में संशोधन 6 अक्टूबर तक होगा। संभावित परीक्षा 14 नवंबर 2026 से भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में केवल राजस्व विभाग में कम से कम 5 साल का स्थायी अनुभव रखने वाले कर्मचारी ही शामिल हो सकेंगे। शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक अनिवार्य है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



