शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज की सुबह प्रशासनिक फैसलों, सियासी हलचल और विकास कार्यों की बड़ी सौगातों के साथ हो रही है। आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की बैठक लेंगे, वहीं दतिया उपचुनाव का प्रचार आज शाम थम जाएगा। इसके अलावा राजधानी भोपाल को आज चौथे रेलवे स्टेशन की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जानिए आज की प्रमुख बड़ी खबरें:

मोहन कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज प्रदेश की प्रशासनिक और नीतिगत दिशा तय करने के लिए कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है।

कैबिनेट की बैठक सुबह 11 बजे मंत्रालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में मध्य प्रदेश के विकास, जनहितैषी योजनाओं और नीतिगत मामलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है।

दतिया के चुनावी समर में शाम 5 बजे थमेगा प्रचार का शोर, दिग्गजों ने झोंकी ताकत

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर जारी घमासान अब अंतिम दौर में पहुँच गया है। आज शाम 5 बजे के बाद चुनाव प्रचार का शोर पूरी तरह थम जाएगा। प्रचार के आखिरी दिन सभी राजनीतिक दल, स्टार प्रचारक और वरिष्ठ नेता पूरी ताकत झोंकेंगे। शाम 5 बजे के बाद बाहरी नेताओं को दतिया सीमा छोड़नी होगी।

चुनाव में भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन दामोदर यादव के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो चुका है। मतदान 30 जुलाई को होना है और 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

भोपाल को मिलेगी चौथे रेलवे स्टेशन की सौगात, CM करेंगे निशातपुरा स्टेशन का उद्घाटन

राजधानी भोपाल के यात्रियों के लिए आज का दिन बेहद खास है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल को चौथे रेलवे स्टेशन की सौगात देंगे। शाम 5 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

सीएम डॉ. मोहन यादव 12919 डॉ. अंबेडकर नगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा ‘मालवा एक्सप्रेस’ के निशातपुरा स्टेशन पर ठहराव का शुभारंभ कर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

आपको बता दें कि यह रेलवे स्टेशन करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ था, जिसका आज औपचारिक उद्घाटन हो रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m