शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की आज सुबह की बड़ी खबरें निवेश, स्वास्थ्य संकट, प्रशासनिक और न्यायिक फैसलों से जुड़ी हुई हैं। जानिए आज की प्रमुख सुर्खियों का पूरा अपडेट:

MP में आएगा 53,000 करोड़ रुपये का निवेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने चार दिवसीय यूएई दौरे के बाद आज स्वदेश लौट रहे हैं। इस यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश को 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें राणा होल्डिंग्स द्वारा सौर ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में सबसे बड़ा 35,200 करोड़ का निवेश शामिल है। इसके अलावा, एमपी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन को ‘एआईएम इन्वेस्टमेंट्स अवॉर्ड्स 2026’ से सम्मानित किया गया। सीएम दोपहर 2 बजे निवाड़ी के बलराम कृषि महोत्सव में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे और दोपहर 3:50 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

डॉक्टरों के आंदोलन से स्वास्थ्य सेवाएं ठप

MBBS इंटर्न्स पर हुए लाठीचार्ज और स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर भोपाल के कमला पार्क में पिछले दो दिनों से धरना जारी है। स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक बेनतीजा रहने के बाद आज भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद हैं। जूनियर डॉक्टर्स और मेडिकल टीचर्स के बाद अब सीनियर रेजिडेंट्स ने भी सामूहिक रूप से गैर-जरूरी सेवाओं का बहिष्कार कर दिया है। हालांकि मरीजों की सुविधा के लिए इमरजेंसी सेवाएं चालू रखी गई हैं।

प्रमोशन में आरक्षण पर HC की सख्त हिदायत

मध्य प्रदेश में कर्मचारियों के प्रमोशन में आरक्षण के मामले पर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा सकती है, लेकिन इंद्रा साहनी मामले में तय 50 प्रतिशत आरक्षण की ऊपरी सीमा का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उल्लंघन नहीं होना चाहिए। कोर्ट ने प्रदेश के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी।

राजधानी में ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ मैराथन

भोपाल के मास्टर प्लान को लागू कराने की मांग को लेकर आज राजधानी में ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 8 बजे 11 नंबर स्टॉप से हबीबगंज थाने तक निकलने वाली इस तिरंगा मैराथन का नेतृत्व स्थानीय विधायक आरिफ मसूद कर रहे हैं। इसमें शहर के व्यापारी, छात्र और आम जनता बड़ी संख्या में शामिल हो रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m