शब्बीर अहमद, भोपाल/हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़ी कई बड़ी खबरें चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गुजरात दौरे से लेकर राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर में आयुष्मान योजना में गड़बड़ी करने वाले अस्पतालों पर हुई बड़ी स्ट्राइक तक, जानिए सुबह की सभी प्रमुख खबरें।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का गुजरात दौरा, द्वारकाधीश मंदिर में करेंगे दर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 8:45 बजे भोपाल से जामनगर के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:15 बजे वे प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे नागेश्वर रोड स्थित विरम्भा आशा माणेक चैरिटेबल ट्रस्ट गौशाला पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दिन भर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद CM यादव रात 8:10 बजे भोपाल लौटेंगे।
83 अस्पतालों पर 3.13 करोड़ की पेनल्टी, 18 ब्लैकलिस्ट
आयुष्मान योजना के तहत इलाज में गंभीर अनियमितताएं बरतने पर प्रदेश के 83 अस्पतालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। ऑडिट में बिना जरूरत मरीजों को आईसीयू में भर्ती करने, पैकेज का दुरुपयोग करने और कागजों पर फर्जी बेड दिखाने जैसी गड़बड़ियां उजागर हुईं। 18 अस्पतालों को योजना से निष्कासित (ब्लैकलिस्ट) कर दिया गया है, 15 को सस्पेंड किया गया है और 50 अस्पतालों पर 3.13 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। इस कार्रवाई में अकेले भोपाल के 25 अस्पताल शामिल हैं, जिन पर 2.11 करोड़ रुपये से अधिक की पेनल्टी ठोकी गई है।
Gen Z को आकर्षित करने के लिए BJP का नया डिजिटल प्लान
जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन के बाद अब भारतीय जनता पार्टी का पूरा ध्यान Gen Z (युवा पीढ़ी) को मोबाइल स्क्रीन के जरिए साधने पर है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हो रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘हर शक्ति केंद्र 10 रील’ अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को उन स्थलों पर ले जाया जाएगा जहां सरकारी योजनाओं से जमीनी बदलाव आया है, ताकि वे रील्स बनाकर भाजपा सरकार के विकास कार्यों की तस्वीर युवाओं तक पहुंचा सकें।
16 जिलों में 12 सितंबर को लगेगी नेशनल लोक अदालत
प्रदेश के 16 जिलों में आगामी 12 सितंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में सुनवाई होगी। इस लोक अदालत में बिजली चोरी और विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत दर्ज मामलों सहित अन्य लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से त्वरित निराकरण किया जाएगा।
नामांतरण घोटाले के बाद इंदौर नगर निगम का बड़ा फैसला
इंदौर नगर निगम में हाल ही में उजागर हुए नामांतरण घोटाले के बाद व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। नामांतरण प्रकरणों में पारदर्शिता लाने के लिए निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल के निर्देश पर अब नामांतरण दाखिले के साथ आवेदक को ‘लेजर कॉपी’ देना अनिवार्य कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत लेजर कॉपी में संबंधित संपत्ति और संपत्तिकर खाते से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज होंगी। इससे आवेदक लेजर में दर्ज विवरणों का खुद सत्यापन कर सकेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



